
संभल में कुष्ठ रोगियों के लिए बनवाए गए फ्लैट
संभल में कुष्ठ रोगियों का जीवनस्तर सुधारने का फैसला लिया गया है। इसके तहत डीएम की पहल पर एक संस्था ने कुष्ठ रोगियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस फ्लैट बनवाए हैं। यह फ्लैट संभल के जिलाधिकारी की पहल पर बनवाए गए हैं। इस तरह के अभी और फ्लैट बनवाए जाएंगे। फिलहाल कल यानी बुधवार को कमिश्नर कुष्ठ रोगियों को तीन मकानों के सेट में बने फ्लैटों की चाबी सौपेंगे।
साल 2022 में डीएम ने किया था दौरा
साल 2022 में संभल के जिलाधिकारी मनीष बंसल कुष्ठ आश्रम गये। वहां वह कुष्ठ रोगी परिवारों का रहन सहन देखकर व्यथित हो उठे। डीएम ने बताया "कुष्ठ आश्रम के टूटे टीनशेड के नीचे कुष्ठ रोगियों के परिवार गुजर बसर कर रहे थे। इन परिवारों ने बताया कि हर साल बारिश में गंदा पानी घरों के अंदर तक भर आता है।"
इसके बाद डीएम मनीष बंसल ने तत्कालीन एसडीएम विनय मिश्रा को जन सहयोग से कुष्ठ रोगियों के लिए आवास बनवाने का काम सौंपा। हिन्द स्पोर्टस क्लब सहयोगी बना तो छह माह पहले नवरात्र के दौरान डीएम मनीष बंसल ने कुष्ठ रोगियों के लिए आधुनिक मकान बनाने के लिए आधार शिला रखी। इतनी तेजी से काम हुआ कि अब तीन मकान बनकर तैयार हो गये हैं। नवरात्र में ही आज अष्टमी को मुरादाबाद के मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह कुष्ठ रोगियों को इन मकानों की चाभी सौंपेंगे।
यहां बनाए गए हैं कुष्ठ रोगियों के लिए फ्लैट
संभल जिले में चन्दौसी मार्ग पर कुष्ठ आश्रम है। आश्रम का भवन जर्जर है। अब इसके स्थान पर शानदार बिल्डिंग बन रही है। यह बिल्डिंग डीएम मनीष बंसल और एसडीएम विनय मिश्रा की प्रेरणा से जन सहयोग लेकर हिन्द स्पोर्ट्स क्लब बनवा रहा है। इसके तहत दस बिल्डिंगें बननी हैं। प्रथम चरण में तीन बिल्डिंगें बनकर तैयार हो चुकी हैं।
डीएम मनीष बंसल ने बताया "बुधवार को कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह कुष्ठ रोगियों को समर्पित करेंगे। नव निर्मित घर टूटे टीन शेड के नीचे गुजर बसर करने वाले कुष्ठ रोगियों का जीवन अब बदलने वाला है। गंदगी व जलभराव के बीच रहने को मजबूर कुष्ठ रोगी परिवार अब शानदार आधुनिक मकानों में रहेंगे। जल्द ही ऐसे सात और मकान बनकर तैयार हो जायेंगे।"
शानदार फ्लैट्स में मॉड्यूलर किचन और यह सुविधाएं
कुष्ठ रोगियों के लिए मकान नहीं बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त शानदार मकान तैयार किये गये हैं। हिन्द स्पोर्टस क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियर सलमान अख्तर की देखरेख में बने इन मकानों में जहां कजरिया की टाइल वाला फर्श है वहीं मोडलर किचन व आधुनिक अटैच बाथरूम हैं। सभी मकानों में वेन्टीलेशन का खास ध्यान रखा गया है।
कुल दस मकान बनकर होने हैं तैयार
एसडीएम विनय मिश्रा इस प्रोजेक्ट के साथ ऐसे जुड़े हैं कि पूरा समय व सहयोग देते हैं। नये भवन को दिव्य सेवा आश्रम नाम दिया गया है। इस भवन में कुल दस मकान बनाये जाने हैं। जिसमें से तीन मकान बनकर तैयार हो गये हैं और तीन अगले कुछ दिन में बनकर तैयार हो जायेंगे। इसके बाद उस हिस्से को गिरा दिया जाएगा। जिसमें यह परिवार अब तक रह रहे हैं और वहां चार और मकान बनाये जाएंगे।
हिंद स्पोर्ट्स क्लब के सह सचिव भीष्म सिंह देवल ने सराहा
हिंद स्पोर्ट्स क्लब के सह सचिव भीष्म सिंह देवल ने बताया “डीएम मनीष बंसल और एसडीएम विनय कुमार मिश्र ने जब दिव्य सेवा आश्रम निर्माण से जुड़ने का आह्वान किया तो हम लोगों को भी लगा कि एक अच्छा काम करने का सौभाग्य मिल रहा है। हमारे क्लब से जुड़े सभी लोगों ने इस प्रोजेक्ट के लिए दिल से काम किया है। शहर के लोगों ने इस कार्य के लिए धन की कमी नहीं आने दी। हम जल्द ही सभी मकान बनाकर तैयार कर देंगे
Updated on:
28 Mar 2023, 10:58 PM IST
Published on:
28 Mar 2023, 10:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.