
Sambhal Accident News
Sambhal Accident News: मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर थाना बनियाठेर के गांव भुलाबई के निकट गुरुवार की देर रात 12 बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक की साइड लगने से पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ में जा घुसी। हादसे में संविदा बिजली कर्मी की मौत हो गई। जबकि साथी दो युवक घायल हो गए।
पुलिस ने शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला सोनभद्र के थाना ओबरा के गांव खरारे के रहने वाला रामसागर 35 वर्ष पुत्र शिवचरण चंदौसी में संविदा बिजली कर्मी के तौर पर कार्य करता था और यहां अपने साथी गांव खरारे के ही रामनरेश पुत्र मान सिंह के साथ मुरादाबाद रोड स्थित 132 बिजली घर पर रहता था।
गुरुवार की रात करीब 12 बजे रामसागर पिकअप गाड़ी से गांव बनियाखेड़ा में बिजली लाइन डालने का कार्य करके वापस 132 बिजली घर पर लौट रहा था। साथ में रामनेरश और रिंकू पुत्र हिमाचल गांव डाल खटैटा थाना कुढ़फतेहगढ़ भी थे। रिंकू गाड़ी चला रहा था।
बगल वाली सीट पर रामसागर बैठा था। जबकि रामनेश पीछे वाली सीट पर बैठा था। मुरादाबाद-आगरा हाइवे पर गांव भुलाबई के पहुंचे ही थे। उसी समय अचानक गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से साइड से टकरा कर पेड़ में जा घुसी।
टक्कर इतनी तीव्र थी कि चालक के दूसरी ओर वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीनों घायल हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और घायलों को सीएचसी ले गई। जहां चिकित्सक ने रामसागर को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
रामनरेश और रिंकू को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया। शुक्रवार की सुबह परिजन भी सीएचसी पहुंच गए और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर सुन कर रामसागर की पत्नी लीलावती सुधबुध खो बैठी है। उसके पांच वर्ष का बेटा राहुल व दुधमुंही बेटी है। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
संबंधित विषय:
Updated on:
12 Oct 2024, 10:36 AM IST
Published on:
12 Oct 2024, 10:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.