4 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘सिद्धू मूसेवाला के हत्यारों की मानसिकता आज भी पंजाब में घूम रही है’, राहुल गांधी का पंजाब सरकार पर निशाना

Congress Insaaf Rally: राहुल गांधी ने पंजाब के संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ के दौरान सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गायक की हत्या करने वाली मानसिकता आज भी पंजाब में मौजूद है। साथ ही उन्होंने राज्य में नशे और गैंगस्टरवाद को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सैनग्रूर

•

image

Imran Ansari

•

Updated: 4 Nov 2026, 3:54 PM IST

Rahul Gandhi

राहुल गांधी का पंजाब सरकार पर निशाना, फोटो सोर्स- ANI

Rahul Gandhi on Sidhu Moosewala: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब के संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिस मानसिकता के लोगों ने खुलेआम सिद्धू मूसेवाला की हत्या की थी, वही मानसिकता आज पंजाब के हर कोने में घूम रही है। रैली में मूसेवाला के पिता भी मौजूद थे। राहुल गांधी ने उन्हें मंच पर बुलाया और गायक को याद करते हुए पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

'प्रतिभाशाली लोगों को धमकाया जाता है'

राहुल गांधी ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला की तरह जो भी व्यक्ति अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ना चाहता है, पंजाब और देश के लिए काम करना चाहता है, उसे धमकाया जाता है और डराया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को सबके सामने गोली मार दी जाती है। राहुल ने कहा कि मूसेवाला के साथ जो हुआ, वह अब पंजाब में एक चलन जैसा बन गया है।

कांग्रेस में शामिल होने आए थे सिद्धू मूसेवाला

राहुल गांधी ने बताया कि कई साल पहले सिद्धू मूसेवाला उनसे मिलने उनके कार्यालय आए थे और कांग्रेस में शामिल होना चाहते थे। राहुल ने कहा कि उस समय उन्होंने मूसेवाला के गाने नहीं सुने थे, लेकिन उन्हें बताया गया था कि वह प्रतिभाशाली युवा हैं। उन्होंने कहा कि मूसेवाला के राजनीति में आने को लेकर उन्हें चिंता थी, क्योंकि उन्हें लगता था कि वह राजनीति के खतरों को पूरी तरह नहीं समझते। राहुल ने कहा कि वह उन्हें राजनीतिक रूप से सुरक्षित रखना चाहते थे।

पिता के दर्द को याद कर भावुक हुए राहुल

सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गायक को धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सुरक्षा हटाए जाने के बाद पंजाब में दिनदहाड़े उनकी हत्या कर दी गई। राहुल ने मूसेवाला के पिता से मुलाकात का जिक्र करते हुए उनके कहे शब्द भी याद किए। उन्होंने बताया कि पिता ने उनसे कहा था कि माता-पिता की मृत्यु का दुख होता है, लेकिन किसी पिता के लिए अपने बेटे की मौत देखना दुनिया का सबसे बड़ा दर्द है।

नशे और गैंगस्टरवाद को लेकर भी सरकार पर हमला

रैली में राहुल गांधी ने पंजाब में नशे और अपराध की समस्या पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई साल पहले पंजाब में नशे के बढ़ते प्रसार को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उस समय विपक्षी दलों ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। राहुल ने आरोप लगाया कि राज्य में उद्योग, कारखाने और कृषि कमजोर होंगे तो नशे और गैंगस्टरवाद जैसी समस्याएं बढ़ेंगी और सड़कों पर गोलियां चलेंगी। उन्होंने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर नशे की समस्या को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।

2022 में हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या

गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना पंजाब पुलिस द्वारा उनकी सुरक्षा वापस लिए जाने के एक दिन बाद हुई थी। इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई आरोपी है। कनाडा में रहने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर भी हत्या की साजिश रचने का आरोप है।

राहुल गांधी की ये टिप्पणियां पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आई हैं। राज्य में आगामी चुनाव में कांग्रेस, बीजेपी और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला होने की संभावना है।