14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

satna: इस साल जिले में बैंक दिल खोल कर बांटेंगे लोन

₹4204 करोड़ की वार्षिक साख योजना तैयार कृषि पर निवेश को सर्वाधिक महत्व

2 min read
Google source verification
satna: इस साल जिले में बैंक दिल खोल कर बांटेंगे लोन

Banks will distribute loans worth Rs 4204 crore in Satna this year

सतना. जिले के बैंकिंग सेक्टर ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए वार्षिक साख योजना तैयार कर ली है। इसमें 4652.11 करोड़ रुपये का लोन वितरण करने का लक्ष्य रखा गया है। वार्षिक साख योजना में कृषि क्षेत्र में निवेश को सबसे ज्यादा तरजीह दी गई है। अकेले 50 फीसदी कृषि क्षेत्र में निवेश करने के लिए प्रावधान किया गया है। कृषि क्षेत्र में 2586.83 करोड़ रुपये के लोन वितरण का प्लान किया गया है।

दिलखोल कर मिलेगा कृषि क्षेत्र के लिए ऋण

जिले के बैंकिंग सेक्टर का जो एनुअल क्रेडिट प्लान (वार्षिक साख योजना) तैयार किया गया है उसमें प्रदेश सरकार की प्राथमिकता को सबसे ऊपर रखा गया है। किसानों की आय दोगुनी करने वार्षिक साख योजना में कृषि निवेश पर सबसे ज्यादा जोर दिया गया है। कृषि में पूंजी निर्माण को प्राप्त करने के उद्देश्य से कृषि ऋण के लिए अधिक सीमा निर्धारित की गई है। हितधारकों के साथ क्षेत्रवार विश्लेषण और परामर्श के बाद जल संसाधन विकास, सिंचाई, भूमि विकास, पशुपालन और डेयरी विकास, उद्यानिकी आदि क्षेत्र में क्रेडिट प्रवाह तय किया गया है। कृषि यांत्रिकी और किसान क्रेडिट कार्ड के लिये 2369 करोड़ रुपये लोन के लिये तय किया गया है। कृषि आधारभूत संरचना के लिए 60 करोड़, कृषि सावधि ऋण के लिए 975 करोड़, पशुपालन डेयरी विकास के लिए 123 करोड़, मत्स्य पालन के लिए 11 करोड़ रुपये के लोन वितरण की योजना तैयार की गई है। इस तरह प्राथमिकता क्षेत्र अंतर्गत कृषि क्षेत्र में कुल 2586 करोड़ रुपये का लोन वितरण की योजना तय की है जिसके तहत 67234 हितग्राहियों को लोन वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

लघु और मध्यम उद्योगों को 1502 करोड़ का लोन

बैंकिंग सेक्टर प्राथमिकता सेक्टर में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के लिए 1502.22 करोड़ रुपये का ऋण वितरण करने का लक्ष्य रखा है। सबसे ज्यादा सूक्ष्म उद्योग ( वार्षिक टर्न ओवर रु. 5 करोड़ से कम) के लिए 1017 करोड़ रुपये का लोन, लघु उद्योग (वार्षिक टर्न ओवर रु. 5 करोड़ से 75 करोड़ के बीच) के लिए 432 करोड़ और मध्यम उद्योग (वार्षिक टर्न ओवर रु. 75 करोड़ से 250 करोड़ के बीच) के लिए 28 करोड़ रुपये ऋण वितरण का प्लान तय किया है।

शिक्षा क्षेत्र को ज्यादा तव्वजो नहीं

प्राथमिकता क्षेत्र में बैंकों ने शिक्षा ऋण को ज्यादा तव्वजो नहीं दी है। इस क्षेत्र के लिए महज 200 लोगों के लिए 20 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है। हाउसिंग सेक्टर में भी 81 करोड़ रुपये का ऋण वितरण का प्लान तय किया है और इसमें भी हितग्राहियों की संख्या 1000 से कम रखी गई है। अक्षय उर्जा क्षेत्र के लिए 10 करोड़ ऋण वितरण का प्लान है।

वार्षिक साख योजना एक नजर में

क्षेत्र - हितग्राही - ऋण राशि

प्राथमिकता क्षेत्र - 90100 - 4204.55 करोड़ रु.

कृषि क्षेत्र - 67234- 2586.83 करोड़ रु.

एमएसएमई क्षेत्र - 21577 - 1502.22 करोड़ रु.

गैर प्राथमिकता क्षेत्र - 3994 - 447.56 करोड़ रु.

कुल ऋण वितरण - 94094 - 4652.11 करोड़ रु.