3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नकली पुलिस ने सतना के सराफा व्यापारी के कर्मचारी से लूटे 9 लाख, दिनदहाड़े वारदात से पुलिस महकमें में मचा हड़कंप

19 अक्टूबर को सुबह चार्टर्ड बस से उतारकर पूछताछ के बहाने कार में बैठाया

2 min read
Google source verification
loot_1.jpg

DEMO PIC

सतना/देवास. सतना से रुपए लेकर इंदौर में भुगतान करने के लिए चार्टर्ड बस से निकले एक सराफा व्यापारी के कर्मचारी से देवास में दिनदहाड़े नौ लाख रुपए की लूट हो गई। दो बदमाश खुद को पुलिस बताते हुए बस में चढ़े और पूछताछ के नाम पर कर्मचारी को नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे कार में घुमाते रहे और कार्रवाई के नाम पर डराते भी रहे। बाद में नौ लाख रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग निकले। मामले में पांच दिन के बाद नाहर दरवाजा थाने में लूट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करवाया गया है। पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी है।

छीन लिया था रुपए से भरा बैग
सतना के सराफा व्यापारी महीप शाह इंदौर के सराफा बाजार से आभूषणों के लेनदेन आदि का काम करते हैं। इन्होंने इंदौर के एक सराफा व्यापारी का ९ लाख रुपयों का भुगतान करने के लिए अपने एक कर्मचारी अनिल सोनी निवासी टिकुरिया टोला सतना को सतना से इंदौर के लिए रवाना किया था। अनिल 18 अक्टूबर को सतना से चार्टर्ड बस से रवाना हुआ। अगले दिन १९ अक्टूबर को सुबह करीब 8 बजे देवास में भोपाल बायपास चौराहे पर बस में दो अज्ञात व्यक्ति चढ़े और खुद को पुलिस में होना बताते हुए अनिल को बस से नीचे उतार लिया। रुपयों के बारे में पूछताछ करते हुए इन्होंने अनिल को एक कार में बैठा लिया और उज्जैन तक ले गए। अनिल के पास से ९ लाख रुपयों से भरा बैग लूट लिया और चले गए। बाद में अनिल ने उज्जैन से इंदौर पहुंचकर संंबंधित सराफा व्यापारी को जानकारी दी और अपने मालिक को सूचना दी। इसके बाद सतना से सराफा व्यापारी इंदौर पहुंचे।

पांचवें दिन दर्ज हुआ केस
इन्होंने उस बस के बारे में पता किया, जिससे अनिल आया था, लेकिन वह बस इंदौर से निकल चुकी थी। इसके बाद जब बस इंदौर वापस आई तब स्टाफ आदि से घटना के बारे में जानकारी ली गई। इसके बाद इन लोगों ने इंदौर में एफआईआर करवाने का प्रयास किया तब वहां से घटना देवास में होने का उल्लेख करते हुए देवास जाने के लिए कहा गया। इसके बाद बुधवार को फरियादी नाहर दरवाजा थाने पहुंचा और वारदात के बारे में जानकारी दी। इस आधार पर पुलिस ने अनिल सोनी की रिपोर्ट पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 419, 365, 369, 34 के तहत केस दर्ज किया।

वारदात में करीबी के शामिल होने की आशंका
जिस तरह से वारदात हुई है उससे इसमें किसी करीबी के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। बदमाशों को अनिल के बारे में और उसके पास रुपए होने की पूरी जानकारी पहले से थी, इसीलिए उन्होंने पूरी बस में अनिल को ही पूछताछ के लिए नीचे उतारा और वारदात को अंजाम दिया।

अवैध रुपए हैं, जब्त कर तुझे बंद कर देंगे
बदमाशों द्वारा अनिल से पूछताछ करने के दौरान उसे कई बातों को लेकर धमकाया गया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि लुटेरों ने यह कहा कि यह रुपया अवैध है इसलिए जब्त कर रहे हैं, तुझे थाने में बंद कर देंगे।

आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
देवास थाना प्रभारी संतोष वाघेला नेबताया किमामले में लूट का केस दर्ज कर लिया गया है। फरियादी द्वारा बताए गए रूट के हिसाब से घटनास्थल से लेकर उज्जैन तक के बीच के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, इससे कुछ सुराग मिलने की उम्मीद है।