1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आयुष्मान भारत योजना: उद्घाटन में नहीं पहुंचे मंत्री, MP-MLA ने किया शुभारंभ, 1350 बीमारियों का मिलेगा उपचार

आयुष्मान भारत योजना: उद्घाटन में नहीं पहुंचे मंत्री, सांसद-विधायक ने किया शुभारंभ, 1350 बीमारियों का मिलेगा उपचार

2 min read
Google source verification

सतना

image

Suresh Mishra

Sep 24, 2018

ayushman bharat yojana launched in satna

ayushman bharat yojana launched in satna

सतना। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना का शुभारंभ रविवार दोपहर 2 बजे जिला अस्पताल में किया गया। बतौर मुख्य अतिथि सांसद गणेश सिंह और विधायक शंकरलाल तिवारी ने ओपीडी में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत की। अतिथियों ने योजना के तहत जिला अस्पताल में स्थापित कियोस्क का भी शुभारंभ किया। कियोस्क के माध्यम से नागरिकों को आयुष्मान योजना के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यमंत्री हर्ष सिंह को करना था लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे नहीं पहुंच सहे।

अच्छे से अच्छे निजी अस्पतालों में इलाज

सीएमएचओ डॉ. एके अवधिया ने बताया, योजना के दायरे में करीब 1350 जटिल बीमारियों को शामिल किया गया है। यानी, योजना से सीधे तौर पर इन बीमारियों से पीडि़तों को लाभ मिलेगा। सांसद गणेश सिंह ने कहा, शासकीय अस्पताल के अलावा महानगरों के अच्छे से अच्छे निजी अस्पतालों में इलाज कराने की सुविधा प्रदान की गई है। अब बीमारी का इलाज कराने के लिए गरीबों को घर गिरवी नहीं रखना पड़ेगा, गहने नहीं बेचने पड़ेंगे।

मुख्यमंत्री के भाषण लाइव दिखाया

विधायक शंकरलाल तिवारी ने योजना को गरीबों की संजीवनी बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री के भाषण लाइव दिखाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा सिंह, सीएमएचओ डॉ. एके अवधिया, प्रशासनिक अधिकारी इकबाल बहादुर सिंह, डॉ. सुनील कारखुर, डॉ. अमर सिंह, डॉ. पीसी नोतवानी, डॉ. एसके पाण्डेय, डॉ. एसके अग्रवाल, डीपीएम नृपेश सिंह के अलावा नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहा।

इनको मिलेगा लाभ
योजना के तहत गरीबी रेखा के नीचे, मुख्यमंत्री संबल योजना, मुख्यमंत्री खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम अंतर्गत पर्चीधारक परिवारों को लाभ प्राप्त होगा। साधारण से लेकर जटिल बीमारियों तक का इलाज शासकीय अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, चिह्नित निजी अस्पतालों में होगा।

प्राइवेट अस्पताल में भी हो सकेगा इलाज
सीएमएचओ डॉ. एके अवधिया ने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र हितग्राहियों (मरीजों) को पहले जिला अस्पताल में जांच व उपचार कराना होगा। जिला अस्पताल में उपचार संभव नहीं होने पर संबंधित मरीज को मेडिकल कॉलेज अथवा प्राइवेट अस्पताल रेफर किया जाएगा। योजना का उद्देश्य विभिन्न श्रेणी के अधिक से अधिक मरीजों को लाभ पहुंचाना है। इसके तहत जिले व विकासखंड स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

जब भड़के विधायक और सांसद
कार्यक्रम की शुरुआत में काफी लोग मौजूद थे। स्टाफ भी इधर-उधर गायब था। तभी विधायक शंकरलाल तिवारी पहुंचे। उन्होंने जब स्थिति देखी तो भड़क गए। उसके बाद स्टॉफ से पूछा कि ये क्या है? योजना का मजाक बना रखा है। उसके बाद स्टाफ व अन्य मौके पर आए और कार्यक्रम में भीड़ बढ़ी। सांसद गणेश सिंह का रुख भी सख्त दिखा। उन्होंने सीएमएचओ से कहा कि ड्यूटी डॉक्टर गायब रहते हैं। इस कारण मरीज परेशान होते हैं। इसमें सुधार लाएं।

आयुष्मान मित्रों की नियुक्ति...
योजना के शुभारंभ अवसर पर जानकारी दी गई कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर नागरिकों की सुविधा के लिए अस्पतालों में आयुष्मान मित्रों की नियुक्ति की गई है। जो आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मरीजों को उपचार कराने में मदद करेंगे। चिह्नित अस्पतालों में आयुष्मान भारत के कियोस्क भी स्थापित किए जा रहे हैं।