
pichda varg mahakumbh Tomorrow in satna
सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में 18 सितंबर को आयोजित पिछड़ा वर्ग महासम्मेलन एवं मप्र रामजी महाजन, मप्र महात्मा ज्योतिबा फुले एवं मप्र सावित्री बाई फुले पिछड़ा वर्ग राज्य सेवा पुरस्कार 2016 के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सतना एरोड्रम के पास स्थित मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की निगरानी के लिए खुद आयुक्त पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण रमेश एस थेटे सतना पहुंच गए हैं। रविवार की शाम उन्होंने आयोजन स्थल का जायजा लिया।
इस दौरान संभागायुक्त रमेशचंद्र चौधरी, कलेक्टर मुकेश शुक्ला, जिपं सीईओ साकेत मालवीय, निगमायुक्त प्रवीण सिंह अढ़ायच मौजूद रहे। इस सम्मेलन में प्रत्येक जिले से पिछड़ा वर्ग विभाग की योजनाओं के लाभान्वित 250-250 हितग्राहियों एवं पिछड़ा वर्ग के सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को भी बुलाया जा रहा है। शासन इन्हें सम्मेलन स्थल तक लाने व ले जाने की भी व्यवस्था कर रहा है। इसके लिए सभी जिलों को परिवहन तथा भोजन पर होने वाले व्यय का आवंटन किया जा चुका है। साथ ही सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों के परिवहन पर व्यय होने वाली राशि का भी आवंटन किया जा रहा है।
सम्मान पाने वालों के लिए अलग व्यवस्था
डोम के सामने काफी बड़ा मंच बनाया जा रहा है। इसमें मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथि तो बैठेंगे ही साथ ही सम्मान पाने वालों को भी मंच पर बैठाया जाएगा। इसके लिए मंच को दो भागों में विभक्त किया जा रहा है। एक हिस्से में सम्मानित होने वाले लोग बैठेंगे, जिसका तल अतिथियों के तल से ऊंचा होगा।
30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
जिले में किसी आयोजन को लेकर बनाया जाने वाला यह डोम अब तक का सबसे लंबा डोम माना जा रहा है। साथ ही इसके दोनों ओर दो पंडाल भी लगाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम स्थल में 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। अभी तक तय की गई व्यवस्था में मंच के आगे डी से लगे सबसे सामने के स्थल के एक ओर मीडिया और दूसरी ओर वीआइपी के लिये स्थल आरक्षित किया गया है।
बनाए गए नोडल
व्यवस्थित आयोजन को लेकर अलग अलग जिलों के नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। इनमें सतना जिले का नोडल अधिकारी अनिल सोनी सहायक संचालक इंदौर, रीवा का सुधीर पाठक होशंगाबाद, सीधी का नोडल आशीष दुबे खरगौन, सिंगरौली के लिये अर्जुन मालवीय शाजापुर, जबलपुर के लिये ब्रिजेन्द्र सिंह दमोह, कटनी के लिये विवेक सिंह नरसिंहपुर, शहडोल होमेन्द्र पटेल मंडला, अनूपपुर योगेन्द्र राज भोपाल और उमरिया जिले का नोडल अब्दुल शरीफ कुरेशी जिला विदिशा को बनाया गया है।
आयोजन स्थल को दिया गया आकर्षक स्वरूप
आयोजन स्थल को रंग बिरंगी झंडियों से आकर्षक स्वरूप दिया गया है। इसके साथ ही डोम में नेताओं के फोटो वाले फ्लैक्स लगाए गए हैं। डोम के मध्य में सिर्फ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की फोटो लगाई गई हैं।
Updated on:
17 Sept 2018 12:24 pm
Published on:
17 Sept 2018 12:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
