7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक निगम के दो पहलू: BJP के एक पार्षद ने नाली में कूदकर काम रुकवाया तो दूसरा सड़क पर धरना देकर बैठा

महापौर के आश्वासन के बाद माने दोनों पार्षद, एक घंटे तक जमकर हुई तू-तू-मैं-मैं

2 min read
Google source verification

सतना

image

Suresh Mishra

Jul 08, 2018

Satna Nagar Nigam two BJP councilor Struggle for water

Satna Nagar Nigam two BJP councilor Struggle for water

सतना। पानी के लिए मोहल्लों में दो परिवारों के बीच लट्ठ चलने की घटना कई बार देखी होगी पर रविवार को भाजपा के दो पार्षदों के बीच पानी के लिए संग्राम की स्थिति हो गई। हुआ यह कि निगम अध्यक्ष के निर्देश पर सुबह निगम के इंजीनियर वार्ड 24 की पाइपलाइन को व्यंकट 2 की टंकी से जोडऩे आयुष्मान हॉस्पिटल के पास जेसीबी से सड़क की खुदाई करने पहुंचे। इसकी जानकारी लगते ही वार्ड 25 के पार्षद सुशील सिंह मुन्ना भी वहां पहुंच गए।

उन्होंने निगम इंजीनियर एवं निगमायुक्त को फोन लगाकर पहले वार्ड 25 में डाली पाइपलाइन को मुख्यलाइन से जोडऩे की मांग की। जब निगम अमले ने पार्षद की मांग को अनसुना कर दिया तो काम रुकवाने मुन्ना सिंह खोदी जा रही नाली में कूद गए।

पार्षद के जेसीबी के सामने आते ही चालक ने नाली खुदाई का कार्य बंद कर दिया तो आक्रोशित वार्ड 24 के पार्षद अपने साथियों के साथ वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान दोनों पार्षद और उनके साथियों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। घटना की जानकारी पर महापौर ममता पाण्डेय पहुंचीं और दोनों पार्षदों को समझाइश देकर शांत कराया।

अधिकारियों को लगाई फटकार
महापौर ने पार्षदों की लड़ाई के लिए निगम अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए फटकार लगाई। कहा, इंजीनियर कभी पार्षदों को तो कभी निगमायुक्त-महापौर को लड़ाकर मलाई खा रहे हैं। मनमानी का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। पहले वार्ड 25 में पाइपलाइन बिछी है इसलिए पहले इस वार्ड में पानी सप्लाई करें। दो दिन में कार्य पूरा कर मंगलवार को वार्ड 24 की पाइपलाइन जोड़ें। पार्षदों को चार दिन में पाइप लाइन बिछवा कर पानी सप्लाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पार्षद घर लौट गए।

मेरे वार्ड से सौतेला व्यवहार: मुन्ना
एमआइसी सदस्य सुशील सिंह मुन्ना ने निगम प्रशासन पर वार्ड 25 के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। कहा कि चार माह से उनके वार्ड की जनता पानी को तरस रही है, लेकिन अधिकारियों ने न उनके वार्ड में टैंकर भेजे और न जले पावर पंप ठीक कराए। वार्ड 24 भी मेरा है। मैं पानी नहीं रोक रहा पर पाइपलाइन पहले मेरे वार्ड में पड़ी है इसलिए सप्लाई भी मेरे वार्ड में ही चालू होगी।

बुधवार को करूंगा चक्काजाम: पुष्पराज
वार्ड 24 के पार्षद पुष्पराज कुशवाहा ने कहा, मेरा किसी पार्षद से कोई विवाद नहीं है। मेरे वार्ड की जनता को पानी मिलना चाहिए। महापौर ने मंगलवार को पाइपलाइन डलवाने का आश्वासन दिया है। यदि तय समय पर मेन पाइनलाइन जोडऩे का कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो वह इसके विरोध में बुधवार को वार्ड की जनता के साथ पानी के लिए खेरमाई रोड पर धरना देकर चक्काजाम करेंगे।