
Satna Nagar Nigam Ward No. 22 news in hindi
सतना। नगर निगम का वार्ड क्रमांक-22 यानि शिवाजी वार्ड। इस वार्ड के मैत्रीबाग पार्क को शहर में सबसे ज्यादा आदर्श और विकसित माना जाता है। लेकिन, हवाई पट्टी क्षेत्र में स्थित इस पार्क की हालत दयनीय है। यहां शैर करने आने वाले बच्चों को झूले का उपयोग करना महंगा पड़ सकता है। फिसल पट्टी पैर को चोटिल कर सकती है। तालाब गंदगी से पटा है। कांच के अंदर लगाई गई मूर्तियां अब टूट रही हैं। लोगों के आकर्षण का केंद्र बारहसिंघा का स्टेच्यू भी टूट चुका है।
फब्बारे में लगी मशीनें जंग खा रही हैं। तमाम व्यवस्था होने के बाद भी निगम की अनदेखी का शिकार यह पार्क हो रहा है। निगरानी के लिए यहां तीन शिफ्ट में कर्मचारी तैनात हैं। डेढ़ वर्ष पहले टूटी कुर्सी के चलते उतैली के एक मासूम की मौत इसी पार्क में हो चुकी है। उसके बाद भी निगम प्रशासन नहीं जागा। वार्ड में पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछाई गई। लेकिन, वार्डवासियों को पानी आज तक नहीं मिला।
सामुदायिक भवन को लगा ग्रहण
यादव धर्मकांटा से सतना-मैहर बाइपास को जोडऩे वाली विद्यापीठ की सड़क किनारे 15 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य होना था। लेकिन इसमें भी ग्रहण लग गया। नाम के लिए बुनियाद खोद दी गई। उसके बाद से संविदा कंपनी गायब है। मौके पर रॉ मटेरियल पड़ा है। भवन बनाने का काम रुका हुआ है।
एक साल से खोदी सड़क
निगम प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अमृत योजना के तहत पेयजल सप्लाई लाइन को बिछाने का कार्य किया। इसमें 70 फीसदी क्षेत्र में पाइप का संजाल बिछ चुका है। शेष 30 फीसदी सड़क गत एक वर्ष पहले संविदा कंपनी ने खोदी थी। लेकिन, पाइप लाइन नहीं बिछाई गई। इसके चलते पुरानी लाइन क्षतिग्रस्त हुई और गंदे पानी की सप्लाई आए दिन होती है।
योजना का लाभ
- पीएम आवास बीएचपी घटक 150
- पीएम आवास एचपी घटक 300
- व्यक्तिगत शौचालय 100
फैक्ट फाइल
- वार्ड क्रमांक-22
- वार्ड का नाम- शिवाजी
- जनसंख्या 7146
- अजा जनसंख्या 1301
- अजजा जनसंख्या 385
- मतदाता 4092
- पुरुष 2218
- महिला 1874
- क्षेत्र: उतैली, दीनदयाल कॉलोनी, शारदा कॉलोनी, शिवजी नगर।
कई माह से वार्ड के सैकड़ों लोग गंदा पानी पी रहे हैं। शिकायत के बाद भी कुछ नहीं हुआ। पाइपलाइन का पानी नहीं आने के कारण दिक्कत हो रही है।
हिमांचल द्विवेदी
हमारे यहां मूल समस्या पानी की है। पेयजल को लेकर काफी परेशानी होती है। पाइपलाइन बिछाने खुदाई की गई है। पानी नहीं मिल पाया।
अनुभव द्विवेदी
वार्ड में मैत्री पार्क है जो काफी दूर है। नजदीक के पार्क का सौंदर्यीकरण होना चाहिए। बच्चों के लिए एक बड़ा खेल का मैदान होना चाहिए।
दीपेश पयासी
प्रमुख समस्या रोड, नाली, पानी है। शिवाजी कॉलोनी में चालीस घरों में मूलभूत सुविधाएं अभी तक नहीं पहुंची हैं। इसके लिए कई बार कहा गया।
लखन पटेल
प्रमुख समस्या रोड व नाली है। रोड पूरी तरह बनी नहीं है। नाली की सफाई नहीं होती है। कई बार कहा गया, लेकिन सुनकर अनदेखी की गई।
अमित गुप्ता
बरसात के दिनों में प्लॉट में पानी भर जाता है। इस कारण समस्या बढ़ जाती है। कई इलाके में नालियां नहीं हैं। नालियों का निर्माण होना चाहिए।
रामचंद्र सोनी
वार्ड में पेयजल की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। नालियों की भी नियमित सफाई नहीं हो रही है। कहा जा रहा कि हमारा देश स्वच्छ हो रहा है।
भीम पटेल
वार्ड में एक बड़ा पार्क है लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं है। सभी झूले टूटे हैं। पौधों का रख-रखाव सही नहीं है। देखरेख नहीं होती है।
सूरज बाल्मीकि
वार्ड में रोड, पानी, सड़क नहीं है। चुनाव के समय सभी दिखते हैं लेकिन आज तक कई बस्ती तक पानी नहीं पहुंचा है। लाखों का पार्क जर्जर हो गया।
अजय कुमार
एक साल पहले सड़क खोदी गई थी। पाइपलाइन नहीं बिछाई गई। सामुदायिक भवन का काम रुका है। शहर के अंदर मिनी डायवर्सन रोड बननी चाहिए।
भगवती पाण्डेय, पार्षद
Published on:
28 May 2018 06:07 pm
