22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सतना वार्ड क्रमांक-26: पॉश कॉलोनी में हर वर्ष आती है ‘लापरवाही’ की बाढ़, जानिए मुख्य वजह

सुव्यवस्थित नालियां नहीं होने से राजेंद्र नगर स्थित घरों में भर जाता है पानी

3 min read
Google source verification
Satna Nagar Nigam Ward No. 26 news in hindi

Satna Nagar Nigam Ward No. 26 news in hindi

सतना। वार्ड क्रमांक-26 की पॉश कॉलोनी की फेहरिस्त में शामिल राजेंद्र नगर को हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव का शिकार होना पड़ता है। यह इस क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरी है। हल्की बारिश में भी लोगों के घरों के अंदर पानी भर जाता है। सामान्य दिनो में घरों से निकलने वाला पानी भी खाली प्लॉटों में भरता है और गंदगी बजबजाने लगती है। सुव्यवस्थित नालियों के न होने के चलते एेसे हालात बनते रहे हैं। जो अब सबसे बड़ा सिरदर्द है।

अब जलभराव से निजात पाने के लिए नाले बनाने का सिलसिला शुरू हुआ है। यहां कई जगहों पर नाले व नालियों का निर्माण कार्य करवाया जा चुका है। जबकि एक से दो स्थानों में कार्य संचालित है। और भी नाले बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। यदि बारिश के पहले नाले व नालियों का निर्माण कार्य शत प्रतिशत पूर्ण होता है तो जलभराव से निजात मिल सकेगी। वरना इस वर्ष भी समस्या का सामना करना पड़ेगा।

जगह की कमी तो सड़क तोड़ी
स्थानीय रहवासियों ने अपने मकान की सीमा सड़क तक बढ़ा रखी है। इसके चलते नाली व नाले बनाने के लिए खासी मशक्कत करनी होती है। इसके चलते अब सड़क तोड़कर नाले को बनाने का सिलसिला जारी है। कई जगह पर सड़क 20 फीट से 10 फीट में तब्दील हो गई। निर्माणाधीन नाला सांप सीढ़ी की तर्ज में बन रहा है।

हर सुविधा में अव्वल वार्ड
जलभराव व सड़क तक फैले अतिक्रमण को छोड़ दिया जाए तो अन्य वार्डों की अपेक्षा हर सुविधा में अव्वल वार्ड है। पानी की सप्लाई यहां जलावर्धन योजना के तहत होती है। कनेक्शन भी लोगों द्वारा करवा लिया गया। 8 पार्कों के बीच में 4 पार्क विकसित हो चुके हैं। जबकि 4 अन्य को भी आगामी दिनों में संवारने का प्रयास किया जाएगा।

एक लाइब्रेरी की डिमांड
पार्षद रचना सिंह की मानें तो वार्ड में तकरीबन 80 फीसदी शासकीय कर्मचारी निवासरत हैं। यह मंशा थी कि नगर निगम द्वारा एक लाइब्रेरी यहां बनवाई जाती, लेकिन शासकीय भूमि न होने के चलते यह मंशा पूरी नहीं हो पा रही। लिहाजा, पार्क में ही एक जगह पर लाइब्रेरी बनवाने का प्रयास किया जाएगा।

मजबूर करते हैं कर्मचारी तब होता है हंगामा
पार्षद ने निगमायुक्त के नीचे के सभी कर्मचारियों को आड़े हाथ लिया। उनका आरोप है कि किसी भी कार्य के लिए जब इंजीनियर व शाखा प्रमुखों के पास जाते हैं तो फाइल डंप कर दी जाती है। इसके कारण परिषद में नौटंकी होती है। जब कर्मचारी नहीं सुनते तब महापौर, निगमायुक्त तक जाना पड़ता है। इन पर प्रशासनिक कसावट जरूरी है।

हकीकत
- वार्ड क्रमांक- 26
- नाम- नेताजी सुभाष वार्ड
- क्षेत्र- राजेन्द्र नगर, निशांत विहार
- पार्षद- रचना सिंह
- कुल जनसंख्या 5713
- अजा जनसंख्या 20
- अजजा जनसंख्या 70
- मतदाता 3711
- पुरुष 1968
- महिला 1743

हमारा वार्ड शहर का सबसे अच्छा वार्ड है। हमारे वार्ड में एक लाइब्रेरी की आवश्यकता है। इसको लेकर पार्षद के माध्यम से प्रस्ताव रखा है।
धरम श्रीवास्तव

वार्ड में बरसात के दिनों में पानी भरता है। कुछ पुलियों को तोड़कर ऊंचाई करने की जरूरत है। बरसात के दिनों में पानी भरता है। इस कारण दिक्कत होती है।
दयाचंद जैन

पेयजल की सप्लाई का समय सही नहीं है। इस कारण परेशानी होती है। समय पर पेयजल मिले तो काफी समस्या हल हो सकती है। सीवर लाइन का काम शीघ्र पूरा होना चाहिए।
नीता मिश्रा

अविकसित पार्कों में काम होना चाहिए। पौधरोपण बरसात के पूर्व होने पर अविकसित पार्क अच्छे लगने लगेंगे। टूटी सड़कों की मरम्मत अति आवश्यक है।
डॉ. आरएल गुप्ता

वार्ड में सभी नालियां अच्छी बनी हैं। नालियों को कवर्ड करने की जरूरत है। नालियां गहरी हंै उनमें जानवर घुसते है। इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।
सूरज दीन पाठक

वार्ड के मुक्तिधाम में काफी काम बाकी है। मुक्तिधाम में होने वाले अंतिम संस्कार का प्रदूषण घरों में घुसता है। आसपास रहने वालों को परेशानी होती है। इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।
अरविंद सिंह

वार्ड में सीवर लाइन का काम धीमा चल रहा है। इसके साथ ही मुक्तिधाम का काम नहीं हो पा रहा है। इस ओर वार्ड के लोगों द्वारा कई बार निगम अधिकारियों से कहा भी गया है।
राजेश पांडेय

सर्वे का काम होने के बाद भी वार्ड में हर बरसात में पानी भरने की समस्या का हल नहीं हुआ। नाले के पानी को बड़े नाले से जोडऩे की आवश्यकता है।
जय बंसल

मुक्तिधाम की बाउंड्री बनना जरूरी है। अच्छी कॉलोनी में मुक्तिधाम को व्यवस्थित होना चाहिए। अविकसित पार्क को विकसित करने की जरूरत है। वार्ड के लोगों से पौधरोपण कराने की जरूरत है।
आरएस तिवारी

हमारे वार्ड में साढ़े 3 वर्ष के कार्यकाल में लगभग 4 करोड़ के काम हुए हैं। कई काम होने लंबित हैं। शाखा प्रमख व इंजीनियर सुनते नहीं। लाइब्रेरी प्रमुख प्राथमिकता है।
रचना सिंह, पार्षद