
Six injured in Land dispute in Satna
सतना। विवादित जमीन पर कब्जा करने की नीयत से एक पक्ष ने दूसरे के मकान की बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया। दूसरे पक्ष ने जब इसका विरोध किया तो उन पर बल्लम व लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया गया। वारदात अमरपाटन थाना क्षेत्र के ककरा गांव में रविवार को हुई।
शिवबली साकेत व पेंहका साकेत के परिवार के बीच जमीन की दावेदारी को लेकर पुराना विवाद है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। आरोप है, रविवार को पेंहका साकेत अपने परिवार के मुनीम, रामावतार, जितेंद्र, दीपक, रामाऔतार के साथ शिवबली के घर पहुंचा और दीवार ढहाने लगा।
विरोध करने पर शिवबली (42) पिता दलुआ, पत्नी शीला, छोटा भाई इंदर व बहू सुनीता पर हमला कर दिया। हमले में शिवबली गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य को भी आंख, पैर में चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अमरपाटन अस्पताल पहुंचाया, जहां से शिवबली व अन्य तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
पुलिस का कहना है, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया। टीआई केपी यादव ने बताया कि जमीन को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है। एक-पक्ष से चार व दूसरे से दो लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला कायम कर लिया गया है। जांच जारी है। हालांकि एक पक्ष का कहना है कि बल्लम से जानलेवा हमला हुआ है लेकिन पुलिस ने मारपीट का मामला कायम किया है।
न्योते पर आए रिश्तेदारों ने भी किया हमला
मारपीट में गंभीर रूप से जख्मी शिवबली साकेत के छोटे भाई इंदर के मुताबिक पड़ोस में रहने वाला पेंहका साकेत और उसके परिवार के लोग घर गिराने व हम लोगों को जान से मारने आए थे। पेंहका ने इसकी योजना पहले से बना रखी थी। शनिवार को घर में धार्मिक अनुष्ठान कराने के लिए सभी रिश्तेदार बुला लिए गए और रविवार को सुबह होते ही धारदार हथियार लेकर दूसरे पक्ष के लोग घर ढहाने आ गए। पेंहका के परिवार वालों के पीछे रिश्तेदार भी लाठी लेकर खड़े थे। जब घर गिराने का विरोध किया तो बल्लम-लाठी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई महिलाओं को भी लाठी से पीटा गया।
Published on:
15 Jul 2018 08:11 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
