
रेलवे प्रशासन ने बयाना-जयपुर फास्ट पैसेंजर ट्रेन में यात्रीभार नहीं मिलने से वातानुकूलित कोचों की सुविधा बंद कर दी है।
हालांकि जयपुर-बयाना फास्ट पैंसेजर के एसी कोच की सुविधा यथावत है, लेकिन वातानुकूलित कोच में रेलवे को यात्रीभार नहीं मिल रहा है। जल्द ही जयपुर-बयाना एसी कोच भी बंद हो सकते है।
रेलवे की ओर से शुरू किए गए वातानुकूलित कोचों की सुविधा यात्रियों को रास नहीं आ रही है। नतीजन रेल प्रशासन ने यात्रीभार नहीं मिलने से बयाना-जयपुर के एसी कोच की सुविधा बंद कर दी है।
अन्य ट्रेनों में जहां यात्रियों को आरक्षण आसानी से नहीं मिल पाता, वहीं इस ट्रेन में रेलवे को यात्री ही नहीं मिल रहे हैं, जबकि बयाना, हिण्डौन, श्रीमहावीरजी व गंगापुर सिटी से जयपुर के लिए यही एकमात्र सीधी ट्रेन है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार बयाना-जयपुर पैसेंजर ट्रेन में द्वितीय श्रेणी एसी में 23 व तृतीय श्रेणी एसी में 85 सीटें है।
ऐसे में एक तरफ से कुल 108 सीटें होती है। दोनों तरफ से कुल 216 सीटें होती हैं। लेकिन छह माह में एक बार की सीटों के बराबर भी यात्री नहीं मिले।
यदि यात्रियों की संख्या में इजाफा नहीं हुआ तो इस ट्रेन में जयपुर-बयाना एसी कोच की सुविधा को बंद किया जा सकता है।
ये रहा कारण
रेलवे सूत्रों के अनुसार पांच जुलाई से बयाना-जयपुर फास्ट पैसेंजर ट्रेन में यात्रियों को आरक्षण की व्यवस्था नहीं थी। ट्रेन में एसी कोच तो लगे रहते थे, लेकिन ये बंद रहते थे।
वहीं शयनयानों में साधारण टिकट से यात्री यात्रा करते थे, लेकिन इसकी जानकारी न तो यात्रियों को मिली और न ही स्थानीय अधिकारियों को मिल सकी।
ऐसे में रेलवे प्रशासन ने ट्रेन में रिजर्वेशन की सुविधा भी बंद कर दी है। इसको लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी कोई प्रयास नहीं किए।
ये है किराया
द्वितीय श्रेणी एसी में बयाना से जयपुर का किराया 675 रुपए है। यदि हिण्डौन, गंगापुरसिटी, सवाईमाधोपुर, वनस्थली निवाई से भी जयपुर के लिए टिकट लेते हैं तो यही किराया देना पड़ेगा।
इसी प्रकार तृतीय श्रेणी एसी में बयाना से जयपुर का किराया 490 रुपए निर्धारित है। यही किराया हिण्डौन, श्रीमहावीरजी, गंगापुरसिटी, सवाईमाधोपुर व वनस्थली निवाई से है। हालांकि शयनयानों में किराया अलग-अलग है।
Published on:
23 Jan 2017, 9:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.