
राजस्थान रोडवेज की हर बस अब कम से कम 400 किलोमीटर प्रतिदिन चलानी होगी। रोडवेज प्रशासन ने आय बढ़ाने और व्यवस्था में सुधार करने के लिए यह निर्णय किया है। यानी इससे कम संचालन पर संबंधित चालक पर गाज गिर सकती है। वहीं एवरेज का भी ध्यान रखना होगा। रोडवेज चालक को 33 रुपए प्रति किलोमीटर का एवरेज निकाला होगा। इन नए बदलावों से रोडवेज चालकों की मुसीबत बढ़ गई है। अब उन्हें अधिक समय स्टेरिंग संभालनी होगी।
रोडवेज से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में रोडवेज की बसें निर्धारित रूटों पर 300 से 350 किलोमीटर तक ही चलती थी। कभी इससे भी कम चल पाती थी। लेकिन अब मुख्यालय ने आदेश जारी कर हर बस को कम से कम 400 किमी प्रतिदिन चलाने के निर्देश दिए।
रोडवेज प्रशासन ने निगम को घाटे से उबारने के लिए चालक-परिचालकों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। चालकों को 400 किमी बस चलानी होगी तो बस में बिना टिकट के 2 यात्री मिलने पर परिचालक पर गाज गिरेगी। टिकट नहीं मिलने पर परिचालक को निलंबित कर दिया जाएगा। इसी तरह बस सारथी योजना में कार्यरत परिचालक को ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा। साथ ही जमा अमानत राशि को जब्त कर लिया जाएगा।
रोडवेज प्रशासन ने हर दिन 400 किलोमीटर रोडवेज चलाने का निर्णय किया है। इससे रोडवेज की आय बढ़ेगी और व्यवस्था में सुधार होगा। वर्तमान में डिपो में 38 बसें संचालित हैं।- गजानंद जांगिड़, मुख्य प्रबंधक, सवाईमाधोपुर रोडवेज डिपो
Updated on:
19 Nov 2024, 11:53 AM IST
Published on:
19 Nov 2024, 11:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.