8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आज आएगी एक्सपर्ट की टीम, चंदनिया में मिले फुटप्रिंट…

बाघिन की दहशत में शहर में आधी रात तक चली सर्चिंग

3 min read
Google source verification
Expert team today footprint found in Chandania

Expert team today footprint found in Chandania

शहडोल. मुख्याल से सटे कल्याणपुर में बाघ की मौत के बाद लगातार पिछले कई दिनों से शहर के भीतर बाघिन और शावकों की दहशत है। लगातार वन विभाग के अधिकारियों के समक्ष बाघिन और शावकों के मूवमेंट की शिकायत मिल रही है। चंदनिया, घुनघुटी, बंधवावड़ा, पाली रोड सहित अमिलिहा और शहर के बीटीआई व पांडवनगर के नजदीक लगातार मूवमेंट की सूचना रहवासी अधिकारियों को दे रहे हैं। पहले वन विभाग के अधिकारी भी इसे अफवाह मान रहे थे लेकिन अब गंभीरता दिखाते हुए सर्चिंग शुरू कर दी है। अधिकारी पिछले पांच दिनों से लगातार शहर और इससे सटे गांवों में सर्चिग शुरू कर दी है। हालांकि अब तक वन विभाग के अधिकारियों को बाघिन से जुड़े कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। हाल ही में कल्याणपुर गांव में एक बाघ का शव मिला था। इसी के बाद से शहर के अलग अलग जगहों में बाघिन और शावकों के मूवमेंट की खबर वन विभाग के अधिकारियों तक पहुंच रही है।

बांधवगढ़ के विशेषज्ञ आज करेंगे पड़ताल
लगातार मूवमेंट की सूचना के बाद अब वन विभाग के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। डीएफओ साउथ द्वारा बांधवगढ़ से एक्सपर्ट की टीम बुलाई है। बांधवगढ़ की टीम रविवार को शहडोल पहुंचनी थी लेकिन किसी कारणवश नहीं पहुंची। अधिकारियों के अनुसार सोमवार को बांधवगढ़ की टीम शहडोल पहुंचेगी। बांधवगढ़ की टीम शहर सहित आसपास के इलाकों में पड़ताल करते हुए सुराग जुटाएगी। अधिकारियों की मानें तो टीम की पड़ताल के बाद ही बाद मूवमेंट की हकीकत सामने आएगी।

आधी रात तक सर्चिंग, शहर में मुनादी
बाघिन और शावकों की सूचना पर शनिवार की आधी रात तक वन विभाग की टीम पड़ताल करती रही। डीएफओ के नेतृत्व में टीम ने पांडवनगर एरिया के बीटीआई क्षेत्र, मुडऩा नदी के नजदीक और आसपास के गांवों में सर्चिग की। रात एक बजे तक विभाग की सर्चिंग चलती रही लेकिन बाघिन से जुड़ा कोई ऐसा तथ्य सामने नहीं आया। उधर अस्पताल और पांडवनगर के नजदीक मुनादी भी कराई गई है।

चंदनिया में पद चिंह, नदी के रास्तों में मूवमेंट
मुख्यालय से सटे चंदनिया बंधवाबड़ा गांव में बाघ के फुटप्रिंट मिले हैं। चंदनिया में हमीद्उल्ला की बाड़ी में बाघ के संभावित पदचिंह मिले हैं। ग्रामीणों की मानें तो शनिवार की रात को बाड़ी में बाघिन का मूवमेंट था। चंदनिया बंधवाबड़ा क्षेत्र नदी से जुड़ा होने के कारण वन विभाग के कर्मचारी भी मूवमेंट को संभावित मान रहे हैं। अब तक जिन क्षेत्रों से बाघ के मूवमेंट की खबर वन विभाग तक पहुंची है, वे सभी मुडऩा नदी से सटे हुए हैं। संभावना है कि नदी के रास्तों में बाघिन का मूवमेंट हो सकताहै।

मार्निंग वॉक बंद, सोशल मीडिया में वायरल
बाघिन और शावकों के मूवमेंट की खबर के बाद लोगों ने मार्निग वॉक बंद कर दिया है। चंदनिया, पांडवनगर, बीटीआई सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने मार्निग वॉक बंद कर दिया है। उधर सोशल मीडिया में भी लगातार फोटो और मूवमेंट वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया में लोग फोटो वायरल कर रहे हैं और एक ही फोटो को अलग- अलग जगहों का बताकर पोस्ट कर रहे हैं। कोई बीच सड़क में बाघ को घूमते हुए फोटो वायरल कर रहा है तो कोई बाघ के फुटप्रिंट को वायरल कर रहा है। हालांकि इन फोटो को वन विभाग अफवाह बता रहा है।

पांडवनगर क्षेत्र से मिली सूचना
शहर के पांडवनगर क्षेत्र के दो अलग अलग जगहों से बाघिन और शावकों के मूवमेंट की सूचना मिली। पहले पांडवनगर स्थित एक छात्रावास के नजदीक छात्राओं ने बाघिन और शावकों की बात बताई। इसके बाद कुछ समय बाद बीटीआई के नजदीक रहने वाले परिवार ने मूवमेंट की सूचना दी। वन विभाग की टीम ने यहां पर पहुंचकर पूछताछ करते हुए सर्चिग की। हालांकि यहां पर कोई बाघिन और शावक नहीं है।

चंदनिया अमिलिहा में मूवमेंट
मुडऩा नदी से सटे चंदनिया और अमिलिहा में बाघ के मूवमेंट की सूचना लगातार लोग दे रहे हैं। शनिवार को चंदनिया बंधवाबड़ा क्षेत्र में भी बाघिन का मूवमेंट था। यहां एक घर में संभावित फुटप्रिंट भी मिले हैं। इसके अलावा लगातार लोग सूचना दे रहे हैं कि अमिलिहा चंदनिया में बाघिन घूम रही है। गौरतलब है कि यह एरिया बांधवगढ़ क्षेत्र से भी जुड़ा है, इससे अधिकारी भी संभावित मान रहे हैं।

आज बांधवगढ़ से आएगी एक्सपर्ट की टीम
साउथ डीएफओ प्रदीप मिश्रा ने कहा बाघिन और शावकों के मूवमेंट की लगातार सूचना मिल रही है। शनिवार को हमने पांडवनगर सहित आसपास के गांवों में रात तक सर्चिंग की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
बांधवगढ़ की टीम सोमवार को शहडोल पहुंचेगी। टीम द्वारा शहर और आसपास के गांवों में पड़ताल की जाएगी। बाघिन और शावकों के मूवमेंट की सूचना को हम गंभीरता से ले रहे हैं और सर्चिग के लिए टीम तैनात की गई है। आसपास के क्षेत्रों में नंबर बांटा गया है। मूवमेंट पर सूचना देने की बात कही गई है।