
शाहजहांपुर। फिल्म पद्मावत के विरोध को देखते हुए यूपी के तमाम शहरों में सिनेमाघरों में फिल्म नहीं दिखाई गई। इसी के चलते शाहजहांपुर के एकमात्र अंबा सिनेप्लेक्स में पद्मावत फिल्म का प्रसारण नहीं किया गया। अम्बा सिनेमा प्रबंधन ने अपने सिनेमा परिसर में जगह जगह फिल्म पद्मावत न दिखाए जाने की सूचना वाले नोट जगह जगह लगवाए हैं।
सिनेमाघर संचालक के इस फैसले से दर्शकों को बेहद मायूसी हुई है। आपको बता दें कि शाहजहांपुर में करीब एक दर्जन सिनेमा हॉल हैं, लेकिन वर्तमान में उनमें से केवल अंबा सिनेप्लेक्स ही संचालित है। इस बारे में सीओ सिटी सुमित शुक्ला का कहना है फिल्म न दिखाना सिनेमा के प्रबंधन का फैसला है। यदि प्रबंधन पद्मावत फिल्म दिखाता है तो पुलिस प्रशासन की ओर से पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।