
चोरी के शक में तालिबानी सजा, खौलता हुआ पानी डाला और सिर मुंडवा कर खंबे से बंधा युवक
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर में चोरी के शक में युवक को तालीबानी सजा दी गई। पुलिस की मौजूदगी में कानून को ताक पर रख कर पहले तो होटल मालिक ने उसे बिजली के खंबे से बांधा उसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इतना ही नहीं बेरहम दुकानदार ने भीषण गर्मी मे उसके ऊपर खौलता हुआ पानी डाल दिया और उसका सिर भी मुंडवा दिया गया। युवक पर एक चाय के होटल से पैसे चुराने का आरोप लगा था। हैरानी की बयह है कि यह सब पुलिस के सामने ही होता रहा।
क्या है पूरी घटना
दरअसल घटना चौक कोतवाली के जिला अस्पताल के सामने की है। अस्पताल के सामने चाय और खाने का होटल है। बीते रविवार की शाम करीब पांच बजे चाय के होटल पर एक सुखराम नाम का युवक चाय पीने के लिए आया। चाय बनाते वक्त होटल स्वामी होटल से थोड़ा दूर किसी काम से चला गया था। तभी होटल स्वामी चोर चोर कहकर भागने लगा। ये सुनकर पब्लिक ने युवक को पकड़ लिया और होटल के पास लाकर एक बिजली के खंबे से बांध दिया। उसके बाद चोरी का आरोप लगाते हुए बेरहम होटल मालिक ने बर्बरता की सारी हदें पार दीं। तालिबानी अंदाज में युवक को खुलेआम सजा दी जाने लगी। लाठी डंडे से पीटा जाने लगा। इतना ही नहीं युवक पर खौलता हुआ पानी डालकर नहलाया गया। इतने से जब होटल स्वामी का दिल नहीं भरा तो बेरहम लोगों ने सिर भी मुंडवा दिया। इस दौरान पुलिस मूक दर्शक बनी रही, इतना सब होने के बाद पुलिस ने चोर को होटल मालिक के कब्जे से छुड़ाया। लेकिन पुलिस ने तालिबानी अंदाज में सजा देने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। साथ ही ये भी नही जानने की कोशिश की कि जिस युवक पर चोरी का आरोप लगा है क्या वह आरोप है या नहीं। फिलहाल एसपी ने इस मामले में जांच के बाद खुलेआम पीटने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
एसपी एस चिनप्पा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। खुलेआम इस तरह से कोई सजा नहीं दे सकता है। अगर बिजली के खंबे से बांधकर खुलेआम पीटा गया है तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
18 Jun 2018, 5:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.