
तेज रफ्तार बरातियों से भरी बस नांदनी गांव के पास पेड़ से टकराई गई। हादसे में 1 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कालापीपल पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
कालापीपल (शाजापुर). तेज रफ्तार बरातियों से भरी बस नांदनी गांव के पास पेड़ से टकराई गई। हादसे में 1 दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कालापीपल पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
शुक्रवार तड़के 4 बजे सारंगपुर शादी में शामिल होने आई बरातियों से भरी बस संत हिरदाराम नगर बैरागढ़ लौटते समय कालापीपल-सीहोर रोड पर नांदनी गांव रेशम केंद्र के समीप बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि पेड़ टूटकर सड़क पर आ गया। घटना में 13 लोगों घायल हो गए। हालांकि किसी को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना की जानकारी लगते ही कालापीपल, शुजालपुर सहित सीहोर से पांच 108 एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। इसके साथ ही डॉयल १०० भी मौके पर पहुंच गई। 108 ईएमटी रामपाल मेवाड़ा ने बताया प्राथमिक उपचार कर तुरंत घायलों को कालापीपल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां डॉक्टरों ने सभी घायलों का उपचार किया। फरियादी विनोद मनमानी पिता खीमनदास निवासी बैरागढ़ ने बस चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक बस चलाने को लेकर कालापीपल थाने में मामला दर्ज कराया है। बस की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिस बबूल से वह टकराई, वह टूटकर सड़क पर आ गया। इसके साथ ही बस पेड़ के पास ही अटकी रही। यदि सामने पेड़ ना होता तो सामने की ओर नाला व खाई थी जिसमें बस पलट सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं पेड़ के सड़क पर आ जाने से जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस द्वारा संभाला गया। जेसीबी की मदद से बस व पेड़ को हटाया गया।
थाना प्रभारी रवि भंडारी ने बताया बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही बस जब्त कर ली है। बस में लगभग 40 लोग सवार थे। एक दर्जन के लगभग लोगों को मामूली चोटें आईं जिनका उपचार किया किया गया।
गोलू 6 माह के लिए जिलाबदर
जिला दंडाधिकारी दिनेश जैन ने अपराधिक गतिविधियों में लिप्त थाना शुजालपुर मंडी क्षेत्र के फ्रीगंज निवासी गोलू उर्फ लोकेश मीणा (37) को 6 माह के लिए जिले की राजस्व सीमा से बाहर जाने के आदेश दिये हैं। आदेश दिए हैं कि वह शाजापुर एवं सीमावर्ती जिले देवास, उज्जैन, आगर-मालवा, राजगढ़ तथा सीहोर की राजस्व सीमा से बाहर चला जाए। प्रतिबंधित अवधि में बिना पूर्व अनुमति के उक्त क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करें।
Published on:
17 Dec 2022, 1:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.