
Video: खनन अधिकारी पर लगा इस काम के लिए रिश्वत मांगने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शामली। जिले में चल रहे खनन के खेल में एक नया मोड़ देखने को मिल रहा है। कैराना के बसेड़ा में खनन पट्टा चलाने वाले एक शख्स की शिकायत पर खनन अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। थाना आदर्श मंडी में खनन अधिकारी के खिलाफ तहरीर दी गई थी।
पानीपत निवासी शख्स ने लगाया आरोप
हरियाणा के पानीपत जिले के गांव भभेल निवासी एक शख्स कथित तौर पर बसेड़ा में पट्टे पर रेत खनन का काम करता है। उसने पिछले दिनों जिलाधिकारी अखिलेश सिंह से मिलकर शिकायत की थी। उसने आरोप लगाया था कि शामली के खनन निरीक्षक ब्रिजेश गौतम उसका उत्पीड़न कर रहे हैं। यह भी आरोप था कि खनन निरीक्षक उससे लगातार रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
एसपी ने दिये थे केस दर्ज करने के आदेश
बताया जा रहा है कि शिकायकर्ता ने इस संबंध में रिकॉर्डिंग भी पेश की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए डीएम ने एसपी को पत्र भेजकर मामले में विधिक कार्रवाई के लिए कहा था। एसपी अजय कुमार ने संबंधित तहरीर थाना आदर्श मंडी पर भिजवाते हुए मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि पिछले दिनों एडीएम के आदेश पर किश्त नहीं जमा कराने के चलते खनन अधिकारी ने बसेड़ा खनन प्वाइंट को बंद करा दिया था। इस प्वाइंट पर कई बार मानकों के प्रतिकूल अवैध खनन की शिकायतें भी मिली हैं।
Updated on:
12 Mar 2019, 12:35 PM IST
Published on:
12 Mar 2019, 12:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.