
VIDEO : भाई-बहन को मारी टक्कर, अपहरण का किया प्रयास, पुलिस का जवाब सुन परिजन हुए दंग...
शिवपुरी । सुभाषपुरा थानांतर्गत ग्राम इंदरगढ़ में बाइक सवार भाई-बहन को कार से टक्कर मार कर घायल करने के बाद गांव के ही पांच युवकों ने दिनदहाड़े उनके अपहरण का प्रयास किया। सड़क पर फर्राटे भरती कार में युवती की चीख पुकार सुनकर हाईवे पर ही दौड़ रहे दो अन्य वाहनों ने उक्त कार का पीछा किया और उसके आगे गाड़ी लगा दी। इसके बाद आरोपी युवक गाड़ी छोड़कर वहां से भाग गए। हालांकि पुलिस इस मामले को सिर्फ एक साधारण एक्सीडेंट बता रही है ।
घटना में घायल हुई छात्रा सुरभि (२३) पुत्री परमाल सिंह धाकड़ के अनुसार वह अपने भाई देवेन्द्र (२५) पुत्र परमाल सिंह धाकड़ के साथ बाइक पर खेत पर पुआ चढ़ाने के लिए जा रही थी। रास्ते में सामने से ही गांव की एक कार आई और उसने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। इसके बाद कार में से गांव के ही रहने वाले मुकेश पुत्र कमलू कुशवाह, छोटू पुत्र राजू कुशवाह, विक्रम व भूपसिंह पुत्र विमल कुशवाह, एक नर्स का बेटा दीपक निकला। बकौल छात्रा सुरभि पांचों ने उन्हें उठाकर कार में बैठा लिया और हाइवे की तरफ भागने लगे। इस दौरान वह चीखती रही, लेकिन उन्होंने कार नहीं रोकी ।
यह भी पढ़ें : सावधान! कहीं आप भी तो नहीं खा रहे जहरीली सब्जियां और फल
छात्रा का कहना है कि उसने घर पर फोन लगाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया तथा उन्हें शिवपुरी की तरफ लाने लगे। सुरभि के अनुसार उसने अपना चीखना जारी रखा तो हाइवे पर ही एक वाहन ने कार का पीछा किया और गाराघाट के सामने उक्त कार के सामने अपनी गाड़ी लगा दी। इस पर आरोपियों ने गाड़ी रोक दी और उतर कर वहां से भाग गए। सुरभि का कहना है कि इसके बाद उसने गाड़ी में रखे अपने मोबाइल से पापा को फोन लगाया जिसके बाद गांव की एक गाड़ी वहां आई और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। छात्रा के अनुसार अभी तक पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है और न ही उनके बयान लिए हैं ।
पुलिस ने पीडि़ता की मां को भगा दिया
पीडि़ता सुरभि के पिता परमाल सिंह धाकड़ का कहना है कि घटना के बाद उसकी पत्नी मामले की शिकायत दर्ज कराने सुभाषपुरा थाने गई थी, लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बजाय उसे यह कह कर भगा दिया कि पहले गाड़ी का नंबर आदि लेकर आओ जिसमें बच्चों को लेकर भागे हैं। बकौल परमाल अब पुलिस ने फोन करके बताया कि गाड़ी को जब्त कर लिया है, आप आकर रिपोर्ट दर्ज करा दो ।
यह मामला प्रथम दृष्टया सिर्फ एक साधारण एक्सीडेंट का है। यदि घायल अपहरण संबंधी कोई बात कह रही है तो हम उसके बयान लेकर मामले की जांच करेंगे। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी ।
सुरेंद्र सिंह यादव, सुभाषपुरा थाना प्रभारी
Published on:
28 Aug 2018, 4:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.