
शिवपुरी. नई नवेली दुल्हन का शादी के बाद आया पहला सावन जिंदगी का आखिरी सावन बन गया। हैरान कर देने वाला मामला शिवपुरी जिले के सुखाया थाना इलाके के बूढ़ी बरोद गांव की है जहां नवविवाहिता की सांप के काटने से मौत हो गई। महिला की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी और वो एक दिन पहले ही बूढ़ी बरोद गांव में अपने मायके सावन मनाने के लिए लौटी थी। सांप के काटने के बाद परिजन बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सावन मनाने मायके आई थी नवविवाहिता
शिवपुरी जिले के सुखाया थाना क्षेत्र के बूढ़ी बरौद गांव में नागपंचमी से ठीक एक दिन पहले 25 साल की नवविवाहिता निधि की सांप के काटने से मौत हो गई। निधि को परिजन सांप के काटने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। निधि के परिजन ने बताया कि कुछ महीने पहले ही निधि की शादी खोंकर गांव में रहने वाले युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद पहली बार सावन मनाने के लिए निधि अपने मायके आई थी और मायके में ही सावन मनाने वाली थी। परिजन के मुताबिक रात को घर में सो रही थी तभी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटते ही निधि जोर से चीखी जिसे सुनकर परिजन जाग गए और जब कमरे में पहुंचे तो वो दर्द से कराह रही थी और पास ही एक जहरीला सांप पड़ा हुआ था, जिसे परिजन ने मार दिया।
परिवारों में छाया मातम
नागपंचमी से ठीक एक दिन पहले सांप के डंसने से निधि की मौत से उसके मायके और ससुराल दोनों ही परिवारों में मातम छा गया है। गांव के लोग भी घटना से हैरान हैं, खुशी-खुशी शादी के बाद पहला सावन मनाने आई निधि की मौत से उसके माता-पिता को गहरा सदमा लगा है। वहीं सांप के डंसने से महिला की मौत होने की खबर लगने के बाद पुलिस में मामला जांच में ले लिया है।
देखें वीडियो-
Published on:
2 Aug 2022, 4:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.