
पांच बार के सपा एमएलए कमाल यूसुफ मलिक का निधन, शिवपाल यादव दुखी
सिद्धार्थनगर से पांच बार के विधायक रहे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता कमाल यूसुफ मलिक का रविवार देर रात निधन हो गया। मलिक कमाल यूसुफ लंबे वक्त से बीमार थे। और उनका इलाज राजधानी लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। दो दिनों पहले ही उनकी बीमारी में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था। जिसके बाद उन्हें डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया। जहां मलिक कमाल यूसुफ ने अंतिम सांस ली। इस सूचना के बाद परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के नेता शिवपाल सिंह यादव ने अपनी शोक संवेदना प्रकट की। कमाल यूसुफ की गिनती मुलायम सिंह यादव के करीबी नेताओं में होती थी। सपा के लिए एक बड़ा झटका है।
शिवपाल सिंह यादव दुखी
कमाल यूसुफ मलिक के निधन पर शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट के जरिए अपना दुख प्रकट करते हुए लिखा कि, वरिष्ठ समाजवादी नेता और पूर्व मंत्री जनाब कमाल यूसुफ मलिक साहब के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
पांच बार विधायक बने
मलिक कमाल यूसुफ सिद्धार्थ नगर के बड़े नेता थे। समाजवादी पार्टी में भी उनका कद काफी बड़ा था। वह मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी थे। सपा में उनके बड़े समर्थक हैं। वे सिद्धार्थनगर नगर की डुमरियागंज सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा यूसुफ सपा सरकार में राज्य मंत्री भी थे।
Published on:
5 Sep 2022, 12:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.