6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मामूली बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल, घरों में घुसा नालियों का पानी, रात भर निकालते रहे लोग

मामूली बारिश ने खोली सफाई व्यवस्था की पोल, घरों में घुसा नालियों का पानी, रात भर निकालते रहे लोग

3 min read
Google source verification

सीधी

image

Suresh Mishra

Jul 15, 2018

dirty water in the gutter in many homes in sidhi madhya pradesh

dirty water in the gutter in many homes in sidhi madhya pradesh

सीधी। शुक्रवार रात शहर मेें हुई एक घंटे की झमाझम बारिश ने नगर पालिका के सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। मानसून की पहली तेज बारिश में ही शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति बनी। कुछ मोहल्लों में तो लोग रात भर जागने को मजबूर हुए। उनके घर व दुकानों में पानी भर गया।जिसे निकालने के लिए रातभर परेशान होना पड़ा। वहीं कुछ परिवार पहली बारिश में ही बेघर हो गए।घरों में पानी की घुसने की ज्यादातर समस्या गरीब तबके के लोगों के कच्चे घरों मे हुई।

जिनके पास न तो नगर पालिका के जिम्मेदारों के नंबर थे कि उन्हें सूचित कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल करवा पाएं, और न ही उनकी कोई सुनने वाला ही था। ऐसी स्थिति में वे स्वयं कुदाली फावड़ा लेकर जाम नालियों को साफ करने के साथ ही घरों के अंदर घुसने वाले पानी को रोकने व घर के अंदर घुसे पानी को निकालने की व्यवस्था में देर रात तक मशक्कत करते रहे।

इन मोहल्लों में हुई समस्या
शुक्रवार रात करीब 9.15 बजे शहर में शुरू हुई झमाझम बारिश रात करीब 10.30 बजे तक जारी रही। बारिश इतनी तेज थी कि सड़कों में पांच फिट आगे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इस मानसून की यह पहली तेज बारिश थी। इसमें ही शहर की नालियां उफना गईं और शहर की सड़कें पानी से लवालब हो गई थीं। इसके साथ ही जिन मोहल्लों में नालियां कचरे से पटी थी, वहां नालियों व बारिश का पानी लोगों के घरों में घुसने लगा। इस तरह की समस्या शहर के उत्तर करौंदिया मोहल्ले के पीछे स्थिति कोलान बस्ती में सर्वाधिक देखने को मिली, यहां निवासी सुनील पिता ललवा कोल, हीरालाल पिता भागेश्वर कोल, संतोष पिता बंशपति कोल तथा रामखेलावन पिता बंशपति कोल के घर में पानी भर गया।

तीन घरों में पानी भर गया

इसके साथ ही अमहा मुहल्ले में गणेश स्कूल के साथ ही एक किराने की दुकान में पानी भर जाने से इसकी निकासी के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। वहीं शहर के दक्षिण करौंदिया मोहल्ले में सांईं गार्डन के पास दो तीन घरों में पानी भर गया, वन विभाग कार्यालय के पास भी एक घर में पानी भर जाने से लोग परेशान रहे। इधर पंडित दीनदयाल कॉलोनी के पास स्थित मनोज पान पैलेस में भी पानी भर गया था, इसके अलावा सर्वोदय चौक, मिश्रा कॉलोनी, चिकान मोहल्ल सहित कुछ अन्य मोहल्लों में नालियां जाम होने से लोगों के घरों मेंं पानी भर गया और पानी निकासी के लिए लोगों को काफी परेशान होना पड़ा।

औपचारिकता ही रही पूर्व तैयारी
बारिश पूर्व तैयारियों को लेकर नगर पालिका के विशेष सफाई अभियान को औपचारिकता में समेट दिए जाने की चर्चा पहले से ही रही है, अब इसके परिणाम भी नजर आने लगे हैं। बारिश का दौर शुरू होते ही नालियां जाम होने से लोगों के घरों में पानी भरने की समस्या उत्पन्न होने लगी है। जिसके चलते लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, इसके बावजूद नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा जाम नालियों को खुलवाने व विशेष सफाई अभियान को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही है।

बेतरतीब नालियां भी समस्या की वजह
शहर में नालियों का निर्माण मास्टर प्लान के तहत न होने से भी बारिश के मौषम में नालियां जाम होने की समस्या उत्पन्न हो रही है। जानकारों की माने तो नगर पालिका द्वारा शहर में नालियों के निर्माण को लेकर किसी तरह का मास्टर प्लान नहीं बनाया गया है, नालियों का निर्माण टुकड़ो-टुकड़ों में किया जा रहा है। जिससे पानी निकासी की गति काफी धीमी रहती है, और तेज बारिश होने पर नालियां उफान में आ जाती हैं, और लोगों के घरों में पानी भरने लगता है। इसके साथ ही कई मुहल्ले ऐसे भी हैं जहां अभी तक नालियों का ही निर्माण नहीं किया गया है, जिसके चलते ऐसे मुहल्लों में बारिश के पानी की निकासी को लेकर कोई व्यवस्था नहीं है।

न्यायाधीश के घर में घुसा पानी तो नपा कर्मियों ने संभाला मोर्चा
आरटीओ कार्यालय के पास स्थित न्यायाधीश जय सिंह सरोते के घर में पानी भरने लगा। यहां भी नालियां पूरी तरह से चोक थीं। जिससे सड़कें लबालब हो गईं और कुछ ही देर में न्यायाधीश के घर के बाहर भी पानी भर गया। सीजेएम ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नपा के जिम्मेदार अधिकारियों से चर्चा कर पुलिस कर्मियों व नपा के सफाईकर्मियों को जेसीबी के साथ मौके पर भेजकर नालियों का कचरा हटवाया। तब कहीं पानी निकासी हो पाई।