
Bride Reject Dowry Seeker Groom: दहेज लोभियों को एक बहादुर बेटी ने ठुकरा दिया है। कोतवाली थाना इलाके की लाम्बा की ढाणी में मंगलवार रात सात फेरो के बाद दूल्हे ने दुल्हन पक्ष के लोगों से 5 लाख और एक बुलेट गाड़ी की मांग कर दी। दूल्हे ने मांग पूरी नहीं होने पर दुल्हन को साथ नहीं ले जाने की भी बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोगों को कोतवाली ले आई। थाने में दुल्हन ने दहेज प्रताड़ना और शारीरिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने दूल्हा व उसके पिता सहित पांच लोगों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार 12 नवंबर को लांबा की ढाणी निवासी मंजू जाखड़ का विवाह चला निवासी विक्रम के साथ संपन्न हुआ था। तोरण से लेकर स्टेज और फेरे की रस्म अदा हुई।
आरोप है कि दूल्हे विक्रम ने दुल्हन और उनके रिश्तेदारों की महिलाओं से बदतमीजी की। फेरों के बाद दूल्हा बुलेट बाइक और 5 लाख की डिमांड करने लगा। इसके बाद दुल्हन ने भी ससुराल जाने से इनकार कर दिया। दिनभर दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने बैठकर मामले को शांत करने का प्रयास किया। इधर, दूल्हे के पिता ने अपने बेटे को बंधक बनाने का आरोप लगाया।
दुल्हन मंजू का आरोप है कि दूल्हे विक्रम सिंह ने न केवल उसके साथ बल्कि शादी में आई लड़कियों से भी अभद्र व्यवहार किया। गाली गलौच करने लगा। पंडित को भी अपशब्द बोले। उसके घरवालों को गालियां देना शुरू कर दिया। यह सब बर्दाश्त नहीं हुआ और लडक़े को ठुकरा दिया।
दूल्हे के पिता करण सिंह का कहना है कि शादी की पूरी रस्म पूरी हो गई थी। सुबह जूते की रस्म के दौरान लड़की पक्ष ने 11 हजार की डिमांड करने पर विवाद हुआ था। इस बात पर वधू पक्ष ने दुल्हन को भेजने से मना कर दिया।
Updated on:
14 Nov 2024 08:04 am
Published on:
14 Nov 2024 08:04 am
