खाटूश्यामजी के लक्खी मेले 2018 में आने वाले भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने इस बार मेला अवधि को बढ़ाकर दस दिन से बारह दिन तो कर दिया है लेकिन मंदिर के पट दिनभर नहीं खुल रहे हैं। भक्तों को 24 घंटे श्याम के दीदार नहीं हो रहे हैं। बाबा श्याम को कोलकाता से आ रहे विशेष फूलों से श्रृंगारित किया जा रहा है। बंगाल से आए दो दर्जन से ज्यादा कारीगर ताजा एवं खुशबूदार ऑर्चिड, डॉल रोज, मोगरा, गेंदा, मुर्गन, स्वीट विलियम, रिंग चेरी, कारमिशन समेत रंग बिरंगे गुलाब के फूलों के साथ तुलसी दल से रोजाना मालाएं तैयार कर रहे हैं और इन्ही मालाओं से बाबा श्याम का भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार किया जा रहा है।