
सीकर। Murder In Medical College Sikar: श्री कल्याण मेडिकल कॉलेज सीकर में छात्र हनिमेश खांट की मौत के मामले मे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद कई खुलासे हुए हैं। एसपी करण शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार एमबीबीएस छात्र की मौत शरीर पर लगी चोटों से हुई है। युवक हॉस्टल की छत से गिरा या फिर उसे गिराया गया, इसको लेकर जांच कर रहे हैं। पीएम रिपोर्ट में युवक के हाथ, पैर पर कई फ्रेक्चर आए हैं। वहीं रीढ़ की हड्डी, गर्दन, लीवर व फेंफड़ों पर भी चोट के निशान मिले हैं।
सदर थानाधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में छात्र हनिमेश खांट का पोस्टमार्टम करने वाली सात सदस्यीय मेडिकल ज्यूरिस्टों की टीम के डॉक्टरों को पत्र लिखा है। डॉक्टरों से पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट देने के साथ ही उसके शरीर पर चोटों को लेकर राय ली जाएगी। यदि आवश्यकता हुई तो डॉक्टरों की टीम को एसके मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल स्थित घटना स्थल पर भी बुलाया जा सकता है।
सीनियर व साथीयों से होगी पूछताछ
एसपी ने बताया कि अभी मेडिकल कॉलेज में छुट्टियां चल रही है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने पर मेडिकल छात्रों व सीनियर स्टूडेंट्स से पूछताछ की जाएगी। जरूरत हुई तो घटना स्थल पर भी डॉक्टरों को बुलवाया जा सकता है।
ड्राइंग भी नहीं दे रही आरएसआरडीसी
प्रिंसिपल डॉ. कोचर ने यह भी बताया कि वे राजमेस के जरिए आरएसआरडीसी के अधिकारियों से सीसीटीवी कैमरों व बिजली फिटिंग की वायर सहित अन्य चीजों की ड्राइंग तक नहीं दे रहे हैं। जिसके चलते आने समय में बाहरी ठेकेदार से इन्हें सही करवाना भी काफी मुश्किल टास्क होगा।
सात पत्र लिखने के बाद भी सही नहीं किए
एसके मेडिकल कॉलेज सीकर के प्रिंसिपल शिवरतन कोचर ने बताया कि कॉलेज कैंपस की बिल्डिंग्स का निर्माण सहित अन्य कार्य आरएसआरडीसी और पीडब्ल्यूडी ने सबलेट टेंडर दिए हैं। ब्यॉयज हॉस्टल सहित अन्य जगह के सीसीटीवी कैमरे व कुछ जगह लिफ्ट भी खराब पड़ी हुई हैं। संबंधित फर्म के गारंटी पीरियड में है। ऐसे में हम इन सीसीटीवी कैमरों को अलग से पैसा खर्च कर या टेंडर कर सही भी नहीं करवा सकते हैं। राजमेस को करीब सात से आठ पत्र लिख चुके हैं। वहीं प्रिंसिपल स्वयं भी स्वास्थ्य भवन स्थित राजमेस, जयपुर के कार्यालय में जाकर संबंधित अधिकारी से मिल चुके लेकिन सीसीटीवी कैमरे सही नहीं किए जा रहे हैं। जिसके चलते बॉयज हॉस्टल में मेडिकल छात्र हनिमेश की सनसनीखेज हत्या घटित होने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है।
Published on:
25 Jun 2023 01:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
