
singrauli police seized 2 dumper loaded with illegal coal
सिंगरौली. कोयला परिवहन के आड़ में एनसीएल कर्मी ट्रेलर से कोयला की चोरी करा रहा था। एनसीएल खदानों से कोयला चोरी होने की भनक पुलिस को लगी। शुक्रवार की देर रात मोरवा पुलिस ने कोयले से लोड दो ट्रेलर जप्त कर लिया। ट्रेलर संचालक एनसीएल कर्मी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। ट्रेलर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहा था चोरी
मोरवा टीआई आरपी मिश्रा ने बताया कि जंयत परियोजना में पदस्थ एनसीएल कर्मी गुड्डू सिंह उर्फ मुकेश सिंह जो कोयला निकासी आदि की विभिन्न प्रक्रियाओं से बखूबी वाकिफ था और शातिराना अंदाज में वाहनो के नम्बर प्लेट पर रेडियम की फर्जी नम्बर प्लेट कुछ ही मिनटों में बदलकर कोयला का अवैध परिवहन करता था। मोरवा टीआई के नेतृत्व में गठित टीम ने संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख मामले का पर्दाफाश कर दिया।
आरोपियों तक ऐसे पहुंची पुलिस
शुक्रवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गुड्डू सिंह निवासी जयंत का ट्रेलर नम्बर यूपी 6 4 टी 96 6 2 सुबह करीब 10 बजे खदान से कोयला लेकर बरगवॉ कोलयार्ड के लिए रवाना हुआ था। जिसे कोलयार्ड न भेजकर गोरबी बस्ती के पास पेट्रोल पम्प के सामने रोड पर गाड़ी खड़ी कराया है। गाड़ी में नम्बर प्लेट फर्जी लगाकर सौदेबाजी चल रही है। जहां पुलिस पहुंची जिसे देखकर गुड्डू सिंह निजी कार एमपी 6 6 सी 48 8 8 से मौके से फरार हो गया। लेकिन आरोपी चालक लालदेव सिंह पिता शोभन उर्फ सोभनाथ सिंह निवासी बंधा, जगजीवन पिता रामसहाय निवासी खम्हरिया को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया।
पूछताछ में बताया घटनाक्रम
पुलिस की पूछताछ में आरोपी चालक ने घटनाक्रम के बारे में बताया कि ट्रेलर में लोड रेलवे यार्ड बरगवां का कोयला गुड्डू सिंह के कहने पर हिन्डालको बरगवां में अनलोड करने नम्बर प्लेट बदलकर भेजना बताया। जिस पर पुलिस मौके से कार्रवाई करते हुए आईपीसी की धारा 379, 414, 420, 468 , 471, 34 एवं खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4,21 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा -3 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में जुटी है।
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
इस गिरोह में शामिल आरोपी एनसीएलकर्मी सहित एनसीएल खदान अधिकारी एवं रेलवे यार्ड बरगवॉ के प्रभारी सहित हिन्डाल्को के संबंध पक्षो की जांच की जा रही है। उक्त मामले में फरार मुख्य आरोपी एनसीएल कर्मी गुड्डू सिंह की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।
Updated on:
30 Dec 2017, 10:33 PM IST
Published on:
30 Dec 2017, 10:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.