
रोहिड़ा के समीप वालोरिया में मौत के बाद विलाप करते परिजन।
रोहिड़ा.(सिरोही). जिले के वालोरिया में मलेरिया के प्रकोप से चार बच्चों की मौत का मामला सामने आने के बाद चिकित्सा विभाग में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में चार टीमों का गठन कर गांव में भेजा गया। सीएमएचओ डॉ. एसके परमार खुद भी वालोरिया पहुंचे और जानकारी ली। टीम ने घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। टीम ने 85 घरों में सर्वे किया। जहां पर 25 बीमार मिले। ऐसे में टीम ने मौके पर ही उपचार किया।
सप्ताहभर में चार अन्य की भी मौत!
मलेरिया की चपेट में आने से वालोरिया क्षेत्र में इस सीजन में तीन अन्य की भी मौत होना सामने आया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तौर पर कोईपुष्टि नहीं हो पाईहै।
उपस्वास्थ्य केन्द्र पर ताला
क्षेत्र में ग्रामीणों के उपचार को लेकर उप स्वास्थ्य केन्द्र खोले गए हैं, लेकिन कार्मिकों के अभाव में इन पर ताला लटक रहा है। वालोरिया, बोरीफली, अरणुआफली में उप स्वास्थ्य केन्द्र हैं, लेकिन सालभर से तीनों केन्द्र बंद है। ऐसे में क्षेत्र के ग्रामीण उपचार के लिए नीम हकीमों के भरोसे हैं।
चिकित्सा विभाग के दावे की खुली पोल
वालोरिया क्षेत्र में हर साल बारिश के बाद मलेरिया दस्तक देता है। जिससे हर साल कई जनों की मलेरिया की चपेट में आने से मौत हो जाती है। चिकित्सा प्रशासन रोकथाम के दावे करता है पर हकीकत में चिकित्सा सेवाओं को बेहतरीन रखने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर संदेश वायरल, जागा महकमा
वालोरिया में बच्चों की मलेरिया से मौत को लेकर सोशल मीडिया पर बुधवार को सूचना वायरल हुई। इसके बाद चिकित्सा विभाग हरकत में आया। वहीं टीमों का गठन कर गांव में भेजा।
ये भी पहुंचे
सूचना के बाद सीएमएचओ डॉ. सुशील कुमार परमार, नायब तहसीलदार गलबाराम मीणा, पटवारी संदीपसिंह देवड़ा, सुनीता मीणा समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम वालोरिया पहुंची।
फोगिंग करवाने की मांग
आबूरोड. शहर के विभिन्न वार्डों में मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए कंटीली झाडिय़ों व जंगली घास साफ करने, नाले-नालियों में मच्छर रोधी पाउडर का छिड़काव व फोगिंग करवाने की मांग पालिकाध्यक्ष व पालिका ईओ से की गई है। पार्षद रितेशसिंह चौहान ने ज्ञापन देकर बताया कि बारिश के बाद से शहर के विभिन्न वार्डों में कंटीली झाडिय़ां व घास उगने से मच्छर व जहरीले जीव जंतुओं का खतरा बना हुआ है। नाले-नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं होने से अवरुद्ध हैं। इससे विभिन्न की प्रकार की बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। पूर्व में भी डेंगू पॉजीटिव लोगों के मामले सामने आ चुके हैं।
सालभर से वालोरिया के तीनों उप स्वास्थ्य केन्द्र बन्द है। कई बार लिखित व मौखिक जानकारी चिकित्सा प्रशासन को दी जा चुकी है। लेकिन एएनएम को नहीं लगाया जा रहा है।
सुमन देवी , सरपंच, वालोरिया
मुस्तैद रहने के निर्देश
मेडिकल टीम के साथ वालोरिया क्षेत्र में सर्वे किया है। वहीं चार टीमों का गठन कर घर-घर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। एक दिन में 85 घरों का सर्वे किया। जहां 25 मरीज सामने आए हैं। जिनका उपचार किया गया है। गांव में मेडिकल टीम को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ दिनों तक लगातार मेडिकल टीम क्षेत्र में जांच करेगी।
डॉ. सुशील कुमार परमार, सीएमएचओ, सिरोही
Updated on:
27 Sept 2018 11:26 am
Published on:
27 Sept 2018 09:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
