
गोयली में ईवीएम की जानकारी देते हुए।
सिरोही. विधानसभा चुनाव में जिले के 7 लाख मतदाता उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया। 7 लाख 15 हजार 791 मतदाता को सूची में शामिल किया गया है। इसमें पुरुष तीन लाख 75 हजार 590 और महिला तीन लाख 40 हजार 201 हंै। पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार 94 हजार 257 मतदाता तीनों विधानसभा क्षेत्र में बढ़े हैं।
सबसे अधिक दो लाख 67 हजार 619 मतदाता सिरोही-शिवगंज विधानसभा क्षेत्र में हैं। इसमें पुरुषों की संख्या 1 लाख 39 हजार 875 है। महिला मतदाताओं की संख्या एक लाख 27 हजार 744 हैं। आबू-पिण्डवाड़ा जिले का इकलौता विधानसभा क्षेत्र है, जहां पुरुष मतदाता की तुलना में महिला कम हैं। यहां एक लाख 5 हजार 21 पुरुष व 96 हजार 321 महिला मतदाता हैं।
अब सेप्लीमेंट्री सूची में जुड़ेगा नाम
सूची की विशेषता यह है कि इस बार थर्ड जेंडर को पहली बार अलग से स्थान दिया है। जिले में थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 12 है। सबसे अधिक थर्ड जेंडर वोटर आबूरोड में हैं। अंतिम प्रकाशन होने के बाद भी नए मतदाता के नाम पूरक सूची में जोड़े जाएंगे।
तीन आदर्श मतदान केन्द्र
जिले में 741 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से अबकी बार प्रदेश के हर जिले में आदर्श मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे। जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दांया भाग जावाल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बांया भाग आमथला तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पूर्वी भाग मंडार को आदर्श मतदान केंद्र बनाया है। इसमें फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी होगी।
ऑडिट टीम ने चुनाव तैयारी का जायजा लिया
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुक्रवार को आयोग द्वारा गठित ऑडिट टीम ने जिले में विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। ऑडिट दल के मुख्य सदस्य अभिषेक मोहन व सहायक अधिकारी अभिषेक सिंह ने जिले के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों व उप जिला निर्वाचन अधिकारी आशाराम डूडी से चर्चा कर मतदाता सूची, केन्द्रों, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं ईवीएम वीवीपेट की जानकारी ली। सिरोही उपखण्ड अधिकारी गोपाल परिहार, माउंट उपखंड अधिकारी निशांत जैन एवं रेवदर के शैलेन्द्र सिंह ने तैयारी से अवगत करवाया।
गतिविधियों का प्रशिक्षण
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को प्रलोभन देने वाले लोगों की निगरानी एवं धरपकड़, उम्मीदवारों के व्यय पर निगरानी, चुनावी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग एवं लेखा संधारण के लिए गठित फ्लॉइंग स्क्वॉड, स्टेटिक सर्विलेंस टीम, एकाउंटिंग टीम के सदस्यों को आत्मा के सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनर सतीश पुरोहित, विपीन डाबी, नरेश परमार, ईश्वरलाल पुरोहित ने प्रशिक्षण दिया।
मतदाताओं को जागरूक किया
जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग के स्वीप कार्यक्रम में मतदाताओं को ईवीएम व वीवीपैट से मतदान के लिए जागरूक किया। पाड़ीव में अलग-अलग स्थानों पर मतदाताओं को जानकारी दी। बीएलओ विक्रमसिंह, लालाराम, गणेश मेघवाल एवं मीठालाल मौजूद थे।
गोयली. बस स्टैण्ड तथा क्षेत्रपाल मंदिर में मतदाताओं को ईवीएम व वीवीपैट से मतदान करने के लिए जागरूक किया। बीएलओ भंवरलाल माली व श्यामलाल सुथार ने लोकतंत्र में मतदान की महत्ता बताई।
Published on:
29 Sept 2018 11:21 am
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
