Ration Card Rajasthan: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सभी को खाद्य पाने का अधिकार तो है, लेकिन प्रदेश में 1 करोड़ 7 लाख 45 हजार 181 लोग इससे वंचित है। कारण है पिछले दो साल से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत राशन कार्ड में नए सदस्यों के नाम नहीं जुड़ पाना और मृत व्यक्तियों के नाम नहीं कट पाना। ऐसे में लोग दो साल पुराने जुड़े सदस्यों के अनुपात से राशन सामग्री लेने को मजबूर है। पात्र परिवार कभी रसद विभाग कार्यालय तो कई ई-मित्र पर जाकर बार-बार नाम जुड़वाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनको हर बार पोर्टल नहीं खुलने का कहकर लौटा दिया जाता है। हालांकि, जो लोग खाद्य सुरक्षा योजना में शामिल नहीं है, उनके नाम राशन कार्ड में जुड़ भी रहे हैं और हटाए भी जा रहे हैं।