
माउंट आबू। पर्यटन स्थल माउंट आबू में शुक्रवार अलसुबह अच्छी बारिश हुई। बारिश से क्षेत्र के मंद पड़े नदी, नाले व झरनों में एक बार फिर से तेज गति से पानी आया, जिससे जगह-जगह सड़क किनारे वन्यक्षेत्रों में बहते झरने व ओवरफ्लो होकर बह रही नक्की झील पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। शुक्रवार सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटे में माउंट आबू में 26 एमएम बारिश हुई। इस बार यहां अब तक कुल 1980 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। तापमान में मामूली सी हलचल के साथ अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ऐसा सुहाना मौसम रहने की संभावना जताई है।
लगातार बदल रहे मौसम के चलते माउंट आबू की वादियां सुबह गहरी धुंध की चादर में लिपटी रही। इससे वाहन चालकों को लाइटें जलाने के बावजूद दृश्यता कम होने से वाहन चलाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दर्शनीयस्थलों का अवलोकन करने आए पर्यटकों ने सड़कों व बाजारों में चहलकदमी करते हुए खुशनुमा मौसम का आनंद लिया।
हालांकि दिन में आसमान साफ होने व तेज धूप निकलने से लोगों को छांव का सहारा लेना पडा, लेकिन थोडी देर बाद फिर से बादल छा गए। धूप व बादलों के बीच लुका छिपी का खेल चलता रहा। अल सुबह तेज हवा के साथ कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई। इसके बाद धूप और फिर बादल छा गए। इस तरह पल-पल बदलते मौसम की वजह से मौसमी बीमारियों का क्षेत्र में प्रकोप चल रहा है। यहां बहुत से लोग आई फ्लू व वायरल की चपेट में है। जिससे लोग परेशान हैं।
Published on:
12 Aug 2023, 9:50 AM IST
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.