12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

AUS vs ENG 1st ODI: मैदान पर उतरते ही जो रूट हासिल करेंगे बड़ी उपलब्धि, इंग्लैंड के चुनिंदा दिग्गजों में होंगे शामिल

Joe Root Milestone: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में मैदान पर उतरते ही जो रूट 200 वनडे मैच खेलने वाले इंग्लैंड के तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। जानें उनके इस खास रिकॉर्ड से जुड़ी पूरी जानकारी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Satya Brat Tripathi

•

Updated: 12 Nov 2026, 10:37 PM IST

Joe Root Record

इंग्लैंड के स्टार क्रिकेटर जो रूट। (Photo- IANS)

Joe Root: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 13 नवंबर से होने जा रहा है। दोनों टीमें जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेंगी। ऐसे में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। इस सीरीज में दोनों टीमों के अन्य खिलाड़ियों के साथ-साथ जो रूट पर भी सभी की नजरें रहेंगी। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में मैदान पर उतरते ही जो रूट अपने नाम एक खास उपलब्धि दर्ज कर लेंगे। वह इंग्लैंड के लिए 200 वनडे मैच खेलने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।

इंग्लैंड के किन खिलाड़ियों ने खेले हैं 200 वनडे?

इंग्लैंड के लिए 200 या उससे अधिक वनडे मैच खेलने का रिकॉर्ड अब तक जोस बटलर और इयोन मोर्गन के नाम दर्ज है। इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा वनडे मैच खेलने का रिकॉर्ड इयोन मोर्गन के नाम है। उन्होंने 225 मुकाबले खेले हैं, जबकि जोस बटलर 204 वनडे मैचों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। अब जो रूट 200 वनडे मैच पूरे करते ही इस खास क्लब में शामिल हो जाएंगे।

क्या बोले जो रूट?

200 वनडे मैच खेलने की उपलब्धि को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में जो रूट ने इसे अपने लिए बड़े सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलना उनके लिए गर्व की बात है। बचपन में वह अपने भाई और दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का सपना देखते थे। अब दुनिया के अलग-अलग देशों में जाकर इतने मैच खेलना उनके लिए किसी बड़े सौभाग्य से कम नहीं है।

जो रूट ने 100वां वनडे भी ऑस्ट्रेलिया में खेला था

35 वर्षीय जो रूट की इस उपलब्धि के साथ एक खास संयोग भी जुड़ा है। उन्होंने अपना 100वां वनडे मैच भी 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर खेला था। इस बारे में उन्होंने कहा, '200वां वनडे मैच खेलने के लिए एक बार फिर यहां लौटना और इतने लंबे समय तक इंग्लैंड के लिए खेलने का मौका मिलना निश्चित रूप से बहुत बड़ा सौभाग्य है।'

वनडे क्रिकेट में 200 मैच खेलना अब मुश्किल?

2000 के दशक की शुरुआत में टी20 क्रिकेट के उभार के बाद से वनडे प्रारूप में 200 मैच खेलने की उपलब्धि हासिल करना पहले की तुलना में मुश्किल हो गया है। वनडे क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली (320 मैच) और रोहित शर्मा (294 मैच) सक्रिय खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वालों में शामिल हैं। वहीं, सचिन तेंदुलकर के नाम 463 वनडे मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। उनका यह रिकॉर्ड भविष्य में तोड़ना बेहद मुश्किल माना जाता है।