
रूस के डेनिल मेदवेदेव 12वीं सीड कनाडा के फेलिक्स एउगर एलियासिमे को हराकर यहां चल रहे वर्ष के आखिरी ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गए हैं। दूसरी सीड मेदवेदेव ने एलियासिमे को 6-4, 7-5, 6-2 से हराया। 25 वर्षीय खिलाड़ी ने इस दौरान 37 विनर्स लगाए और 25 बेजां भूलें की। मेदवेदेव का फाइनल में विश्व के नंबर-1 खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच से मुकाबला जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल मैच में चौथी सीड जर्मनी के एलेक्सजेंडर ज्वेरेव को 4-6, 6-2, 6-4, 4-6, 6-2 से हराया और फाइनल में जगह बनाई। मेदवेदेव का जोकोविच के खिलाफ एटीपी हेड टू हेड में 3-5 का रिकॉर्ड है।
एलियासिमे सेमीफाइनल में पहुंचने वाले कनाड़ा के पहले खिलाड़ी
मेदवेदेव ने टोरंटो में अपना चौथा एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीता था और वह सिनसिनाटी के सेमीफाइनल में पहुंचे थे। दूसरी ओर, एलियासिमे अपने कॅरियर के पहले बड़े सेमीफाइनल मुकाबले में उतरे थे और यूएस ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले वह कनाडा के पहले पुरुष टेनिस खिलाड़ी बने।
इस बार यूएस ओपन जीतने की उम्मीद
दूसरी सीड रूस के डेनिल मेदवेदेव ने यूएस ओपन के सेमीफाइनल में 12वीं सीड फेलिक्स एउगर एलियासिमे को हराने के बाद कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेला। मेदवेदेव ने कहा कि उन्हें इस बार यूएस ओपन का खिताब जीतने की उम्मीद है। मेदवेदेव 2019 में पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे लेकिन उन्हें स्पेन के राफेल नडाल के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
सेट प्वॉइंट बचाकर मैच पलटा
मेदवेदेव ने कहा, 'यह एक अजीब मैच था। मुझे लगता है कि सभी को लगा कि यह एक सेट सब होने जा रहा है और फिर आप कभी नहीं जानते कि मैच कहां जाएगा। मैं सेट प्वॉइंट बचाने में कामयाब रहा और मैच पूरी तरह पलट गया।' उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मैंने इस मैच में अपना बेस्ट दिया लेकिन मैं फाइनल में पहुंचने पर काफी खुश हूं। जब एलियासिमे ने दूसरे सेट में दो सेट प्वाइंट लिए तब सिर्फ मैंने एक ही चीज सोचा कि मुझे एस हिट नहीं करना है।'
Published on:
11 Sep 2021, 6:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.