30 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई वर्सेज जमशेदपुर : मुकाबले में रक्षापंक्ति डालेगी फर्क

इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में शुक्रवार को जमशेदपुर एफसी और मुंबई सिटी एफसी की टीमें आमने-सामने होंगी।

2 min read
Google source verification
isl 4

नई दिल्ली : इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में जमशेदपुर एफसी और मुंबई सिटी दोनों टीमों के बीच शुक्रवार की शाम जमशेदपुर में मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जिस टीम की रक्षा पंक्ति बेहतर खेल दिखाएगी, उम्मीद है कि मैच उसी की झोली में जाएगा, क्योंकि दोनों टीमों की रक्षा पंक्ति ने अभी तक काफी बेहतर खेल दिखाया है। हालांकि मेजबान टीम जमशेदपुर का पलड़ा इस आधार पर भारी दिख रहा है कि उसने पिछले सात मैचों में मात्र दो गोल खाए हैं और इस दौरान उसने पांच क्लीन शीट भी हासिल की हैं। दूसरी तरफ मुंबई की टीम आठ मैच खेल चुकी है और इस दरमियान वह सात गोल खा चुकी है, लेकिन उसकी संभावना इसलिए बेहतर दिख रही है कि इस दरमियान उसने गोल भी ११ किए हैं, जबकि जमशेदपुर की टीम अब तक सिर्फ दो गोल ही दाग सकी है।
हालांकि इसके बावजूद इस मैच में दोनों टीमों के फॉरवड्र्स को कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ेगा। सात मैचों के बाद दोनों टीमों के बीच सिर्फ चार अंकों का अंतर है, लेकिन मुंबई की अपेक्षा जमशेदपुर ने कम मैच खेले हैं। अगर मेजबान टीम इस मैच में जीत हासिल कर लेती है तो वह शीर्ष-4 की तरफ अपनी स्थिति मजबूत कर लेगी।
टीम की स्कोरिंग क्षमता को लेकर जमशेदपुर के कोच स्टीव कोपेल चितिंत हैं। उन्होंने कहा कि वह खेलने की परिस्थितियों को लेकर चिंतित नहीं हैं। ऐसी खबरें थी कि जमशेदपुर का मैदान एक जैसा नहीं है, लेकिन कोपेल ने कहा कि मैदान-मैदान है। यह अचानक से बदलने वाला नहीं है। हम किसी भी जगह खेलेंगे।
मुंबई के कोच एलेक्जेंडर गुइमारेस ने कहा कि वह जमशेदपुर का सम्मान करते हैं। गुइमारेस इस बात से भी अच्छी तरह वाकिफ हैं कि जमशेदपुर की टीम उनके स्टार खिलाड़ी अचिले इमाना को रोकने की कोशिश करेगी। कैमरून के इस खिलाड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में अभी तक गोल तो सिर्फ एक किए हैं, अपनी टीम को गोल के काफी अवसर मुहैया कराए हैं। उन्होंने एक गोल करने के अलावा आठ मैचों में चार गोल करने में मदद की है। उन्होंने लीग में अभी तक 304 पास दिए हैं और 406 टच किए हैं। इमाना के अलावा मुंबई के शीर्ष गोल स्कोरर बलवंत सिंह (पांच गोल) को लेकर भी जमशेदपुर को सतर्क रहने की जरूरत है।