
Tokyo Olympics 2020 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं दूसरी और भारत की पुरुष हॉकी टीम 49 साल बाद सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी। सेमीफाइनल में भारत की पुरुष हॉकी टीम का मुकाबला दूसरे नंबर की टीम बेल्जियम से होगा। मनप्रीत सिंह (Manpreet Singh) की अगुवाई में भारत की पुरष हॉकी टीम ने रविवार को क्वार्टर फाइनल मैच में ग्रेट ब्रिटेन को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।
49 साल बाद भारत की पुरुष टीम खेलेगी सेमीफाइनल
भारत की पुरुष हॉकी टीम ने 1972 में म्यूनिख ओलंपिक के बाद पहली बार सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। क्वार्टर फाइनल में दिलप्रीत सिंह ने 7वें मिनट, गुरजंत सिंह ने 16वें और हार्दिक सिंंह ने 57वें मिनट में भारत की और से गोल किया। जबकि, ग्रेट ब्रिटेन के लिए एकमात्र गोल सैमुअल वार्ड ने किया।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ऐसे तय किया सेमीफाइनल तक का सफर
टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत को पूल ए में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना, दुनिया की नंबर 1 टीम ऑस्ट्रेलिया, मेजबान जापान, स्पेन और न्यूजीलैंड के साथ रखा गया था। भारतीय टीम ने पूल चरण में अपने अभियान की शुरुआत न्यूजीलैंड को 3—2 से हराकर की। हालांकि अगले ही मैच में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-7 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने स्पेन को 3—0, गत चैंपियन अर्जेंटीना को 3—1 और जापान को 5—3 से हराकर काफी मजबूती के साथ वापसी की। इस प्रकार भारतीय टीम ने पूल ए में 12 अंकों के साथ क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जहां ग्रेट ब्रिटेन को हराया।
यह भी पढ़ें— tokyo olympics 2020 बॉक्सिंग में भारत को एक और झटका, सतीश कुमार को क्वार्टर फाइनल में मिली हार
ऐसी है बेल्जियम की टीम
बेल्जियम फिलहाल दुनिया की नंबर-2 टीम है। ऐसे में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए इससे पार पाना एक बड़ी चुनौती होगी। गौरतलब है कि बेल्जियम वर्तमान में विश्व चैंपियन हैं, जिसने भारत में आयोजित 2018 विश्व कप जीता है। संयोग से भारत ने विश्व कप के ग्रुप चरण में बेल्जियम को 2-2 से ड्रॉ पर रोक दिया था।
टोक्यो 2020 में एक भी मैच नहीं हारी है बेल्जियम की टीम
रेड लॉयंस के नाम से प्रसिद्ध बेल्जियम की टीम को टोक्यो ओलंपिक 2020 में अभी तक हार का सामना नहीं करना पड़ा है। बेल्जियम को जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन, नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा के साथ पूल बी में रखा गया है। उन्होंने भारत के क्वार्टर फाइनल प्रतिद्वंद्वी ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ अपने एकमात्र ड्रॉ के साथ पांच पूल चरण मैचों में से चार में जीत हासिल की है। क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम ने स्पेन को 3-1 से हराकर भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
2016 रियो ओलंपिक में बेल्जियम ने भारत को हराया था
बेल्जियम की टीम ने 2016 में रियो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में भारत को हराकर बाहर कर दिया था। बेल्जियम ने एंटवर्प 1920 में कास्य के रूप में अपना पहला ओलंपिक पदक जीता था। 2019 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बेल्जियम का दौरा किया जहां उन्होंने रेड लॉयंस के खिलाफ 3 मैच खेले थे। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने तीनों मैचों में क्रमश: 2-0, 2-1 और 5-1 से जीत हासिल की।
Published on:
2 Aug 2021, 2:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.