श्रीगंगानगर में मौसम बेहद सर्द है। श्रीगंगानगर में भले ही हाड़ कंपाकंपा देने वाली सर्दी बढ़ गई हो पर करणपुर विधानसभा चुनाव की वजह से क्षेत्र में गरम माहौल है। राजनीतिक दल अपनी जीत पक्का करने के लिए हर तरह से जुटे हैं। मतदान की तिथि नजदीक आ रही है। सिर्फ 2 और दिन बाकी हैं। करणपुर विधानसभा चुनाव कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। खासतौर पर भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को राज्य मंत्री बनाने के बाद इलाके की सियासत गर्म हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चुनाव के दौरान आचार संहिता होने के बावजूद भाजपा सरकार ने टीटी को मंत्री के रूप में शपथ दिलाकर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया हैं। इस संबंध में चुनाव आयोग में भी शिकायत दर्ज कराई है। इधर, भाजपा ने टीटी को जीतने के लिए अपनी ताकत झोंक दी हैं।