
train
श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर से दिल्ली तक ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करने के मामले में जीआरपी ने इटावा व मैनपुरी के एक गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह में करीब एक दर्जन से अधिक युवक शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करने के मामले में नंगलाहारी बखेवर इटावा उत्तरप्रदेश निवासी अभिषेक उर्फ कुशिया उर्फ नेता पुत्र तुलाराम व सोनू पुत्र जोर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा पुलिस ने लूट के मामले में भिवानी हरियाणा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर मंझोल बेवर मैनपुरी निवासी होरीलाल पुत्र सोहनलाल, नंगला धन्ना किशनी मैनपुरी निवासी रामनिवास पुत्र देवीदयाल, नंगला मेख किशनी मैनपुरी निवासी रघुनाथ पुत्र सोहनलाल, नंगला धन्ना किशनी मैनपुरी निवासी दीपक पुत्र जगदीश को गिरफ्तार किया है। सभी छह आरोपित पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। अब तक आरोपितों ने श्रीगंगानगर से ट्रेन में चढक़र यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर तीन वारदातों को अंजाम देना कबूल कर लिया है।
पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। इस गिरोह में करीब एक दर्जन से अधिक सदस्य शामिल हैं। जो नशीला पदार्थ पिलाकर श्रीगंगानगर, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली इलाके में यात्रियों से लूटपाट करते हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस गिरोह के सदस्यों ने ट्रेनों में दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया है। ट्रेन में
यात्रियों को एेसे बनाते हैं शिकार
आरोपित स्टेशन पर चाय खरीदकर थर्मस में भर लेते थे और चाय में पांच-सात नशीली गोलियां मिला देते। आरोपी टिकट लेकर किसी भी ट्रेन में चढ़कर ट्रेन यात्री की तरह ही पीठ पर बैग लगाकर रखते थे। जिसमें खाना व पानी होता था। जिस डिब्बे में बैठते वहां पहले खुद खाना खाते और आसपास बैठे लोगों को खाने के लिए पूछते साथ ही यात्री से सब्जी आदि मांग लेते। इसके बाद चाय का थर्मस निकालकर ट्रेन में बैठे यात्रियों को घर की गर्म चाय बताते हुए डिस्पोजल में डालकर दे देते। जो भी यात्री इस चाय को पी लेता, वह कुछ ही देर में गहनी नींद में सो जाता। गिरोह के सदस्य उसका सामान, नकदी आदि लेकर वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो जाते थे।
आठ घरों का गांव, सभी गिरोह में शामिल
पुलिस ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ में सामने आया है कि मैनपुरी का नंगला धन्ना गांव में आठ -दस घर हैं। इन सभी घरों के युवक इस गिरोह में शामिल हैं और ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात करते हैं। वारदात के बाद ये लूटी गई राशि में से कुछ राशि घर वालों को ले जाकर देते हैं और कुछ खर्च कर लेते हैं।
कर्ज चुकाने को गिरोह में हुआ शामिल
मंझोल बेवर मैनपुरी उत्तरप्रदेश के होरीलाल गिरोह में सबसे ज्यादा उम्र का है, जिसकी उम्र करीब चालीस साल है। आरोपित पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसके बेटे के हुई गांठ का इलाज कराने के लिए कर्ज लिया था लेकिन बेटा नहीं बच सका। उसने खुद का भी ऑपरेशन कराया था, जिससे उस पर लाखों का कर्ज हो गया। एेसे में कर्ज उतारने के लिए गिरोह में शामिल हो गया और ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात करने लगा।
नशीली दवा बेचने वाले मेडिकल स्टोर संचालक से होगी पूछताछ
पुलिस ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में बताया है कि वे श्रीगंगानगर में एक मेडिकल दुकान से नींद की गोलियां खरीदते थे। पुलिस ने आरोपित को ले जाकर मेडिकल दुकान की तस्दीक कर रही है। पुलिस जल्द ही मेडिकल दुकान संचालक से पूछताछ करेगी। यथासंभव मेडिकल संचालक पर भी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेनों में जहरखुरानी गिरोह के छह सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन्होंने तीन वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। शनिवार को आरोपितों को बीकानेर स्थित रेलवे की अदालत में पेश किया जाएगा।
धन्ने सिंह राठौड़, थाना प्रभारी जीआरपी , श्रीगंगानगर
Published on:
06 Apr 2018 07:56 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
