22 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सपा के इस पूर्व विधायक का हुआ निधन, पार्टी में दौड़ी दुख की लहर

सपा के पूर्व विधायक का लखनऊ के पीजीआई में ऑपरेशन भी हुआ था...

2 min read
Google source verification
Samajwadi Party former MLA Rais Ahmed died in Sultanpur

सपा के इस पूर्व विधायक का हुआ निधन, पार्टी में दौड़ी दुख की लहर

सुल्तानपुर. समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रईस अहमद (65) का लंबी बीमारी के चलते बीती रात निधन हो गया। उनके निधन से परिवार समाजवादी पार्टी समेत अन्य दलों के लोग भी गमजदा हैं। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर 2 बजे उनकी अंतेष्टि गृह क्षेत्र दोस्तपुर के बेथरा गांव में की जाएगी। आपको बता दें कि पूर्व विधायक रईस अहमद सपा-बसपा गठबंधन में जयसिंहपुर से विधायक सदर हुए थे। इससे पहले वह दोस्तपुर ब्लॉक के अध्य्क्ष भी रहे। वह दूसरी बार भी साल 2007 में सपा से चुनाव लड़े थे। जिसमें ओपी सिंह को जीत हासिल हुई थी जबकि रईस अहमद को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ था। हालांकि इस बीच वह अपने हृदय रोग की समस्या से जूझ रहे थे। लखनऊ के पीजीआई में उनका ऑपरेशन भी हुआ था।

अच्छे नेता थे रईस अहमद

समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रोफेसर राम सहाय यादव ने कहा कि पूर्व विधायक रईस बहुत ही अच्छे नेता थे। उनके आसामयिक निधन से मैंने अपना करीबी मित्र खो दिया। जिसकी भरपाई बहुत ही मुश्किल है। मैं उनको अपना श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं।

रईस अहमद की मौत एक बड़ा झटका

बीजेपी विधायक सीताराम वर्मा के प्रतिनिधि रूपेश सिंह ने कहा कि रईस अहमद गरीबों के सुख-दुख में हमेशा आगे रहते थे। मजलूमों की बातों को ऊपरी स्तर तक पहुंचाते थे। उनका निधन समूचे क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ा धक्का है। वह एक जानदार जनप्रतिनिधि थे।

पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति

वहीं पूर्व विधायक ओपी सिंह ने कहा कि उनकी मृत्यु से पूरे क्षेत्र को जो क्षति हुई है, उसकी पूर्ति नहीं की जा सकती। ग्रामीण अंचल के निचले पायदान से उन्होंने राजनीति शुरू करके प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत तक गए। वह एक लोकप्रिय और जमीन से जुड़े नेता थे। ईश्वर इस मौके पर परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इधर पार्टी के नेता की मौत पर मोतिगरपुर के पूर्व प्रमुख डॉ श्रवण यादव, जिला सचिव रामप्रताप यादव, ब्लॉक अध्यक्ष हृदय राम यादव, जिला कोषाध्यक्ष सूर्य लाल यादव, पदारथपुर के चिंतामणि यादव, डेमा के शिव मूर्ति यादव, रजनीश यादव (शहीद हीरो के भाई) तेजिंदर सिंह बग्गा आदि ने दुख जताया।

क्रिकेट के जानकार थे पूर्व विधायक

पूर्व विधायक स्वर्गीय रईस अहमद खेल प्रेमी भी थे। उन्हें क्रिकेट की बारीकियों की नजदीक से समझ थी। जिले में जब भी कोई क्रिकेट मैच आयोजित होता था तो रनिंग कमेंट्री के लिए पूर्व विधायक रईस अहमद को ही आमंत्रित किया जाता था। उनकी रनिंग कमेंट्री के लोग दीवाने थे।