
Truck accident
प्रतापपुर/पोड़ी मोड़. तेज रफ्तार चावल लोड ट्रक ने बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे प्रतापपुर स्थित स्टेट बैंक के सामने बोलेरो, 3 बाइक व 2 गुमटियों को पहले टक्कर मार दी। इससे बोलेरो के जहां परखच्चे उड़ गए वहीं बाइक व गुमटियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद ट्रक ने वहां खड़ी 2 छात्राओं व एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों को चोटें आईं हैं।
सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से एक युवती का पैर टूट गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक फरार हो गया। इस घटना से एक बड़ा हादसा टल गया।
सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर से चावल लोड कर ट्रक क्रमांक सीजी 15 ए-9644 प्रतापपुर के निकला था। दोपहर करीब 12 बजे वह प्रतापपुर थाने के सामने पहुंचा ही था कि तेज रफ्तार में होने के कारण लहराने लगा। इसी रफ्तार में उसने स्टेट बैंक के सामने बोलेरो को टक्कर मार दी। इससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद उसने वहां खड़ी 3 बाइक व 2 गुमटियों को रौंद डाला।
इतना ही नहीं परीक्षा खत्म होने के बाद 2 छात्राएं व एक युवक बस से उतरकर वहां खड़े थे। उन्हें भी टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा का जहां पैर टूट गया, वहीं चेहरे व शरीर के अन्य हिस्से में भी चोटें आईं। छात्राओं को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में ग्राम लुरगी निवासी छात्रा सुखमन व कविता तथा युवक ग्राम गोटगवां निवासी राजकुमार शामिल हैं।
मच गई अफरा-तफरी
अनियंत्रित ट्रक की रफ्तार देख मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-इधर भागने लगे। गुमटियों में बैठे दुकानदार समय रहते भाग खड़े हुए अन्यथा वे एक बड़े हादसे का शिकार हो जाते।
ड्राइवर भागा, खलासी गिरफ्तार
हादसे के बाद चालक वहां से फरार हो गया, जबकि मौके पर पहुंची पुलिस ने खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि ट्रक में अवैध चावल लोड है। पुलिस ने चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
28 Feb 2018, 4:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.