
रात को पति ने फ़ोन पर कहा आ रहा हूं घर, जब सुबह पत्नी ने खोला दरवाजा तो...
सूरजपुर. एक युवक रात को घर नहीं पहुंचा तो पत्नी ने कॉल किया। इस पर उसने कहा कि वह थोड़ी देर में घर आ रहा है। इसके बाद पत्नी भी सो गई। सुबह पत्नी की नींद खुली तो घर से बाहर निकली। इसी बीच उसकी नजर चबूतरे पर सो रहे पति पर पड़ी, उसने पास जाकर उसे हिलाया-डुलाया लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। पति की मौत हो चुकी थी। फिर उसने शोर मचाना शुरू किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में युवक के सिर-पैर व कमर पर चोट के निशान थे। मृतक के परिजन ने मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थानांतर्गत ग्राम खोरमा निवासी सुरेश आंडिल्य पिता हरि राम 33 वर्ष पत्नी व 4 वर्षीय पुत्र के साथ माता-पिता से अलग रहता था। सोमवार की शाम वह पत्नी के सिलाई दुकान पर था। दुकान बंद करने के बाद पत्नी व पत्नी की बहन को उसने घर पर छोड़ा और घूमने निकल गया। रात करीब 10 बजे पत्नी ने कॉल किया तो बोला कि खाना बनाकर रखना, मैं थोड़ी देर में आ रहा हूं। इसके बाद उसने कॉल कट कर दिया। इस बीच पत्नी को भी नींद आ गई और वह रातभर घर नहीं पहुंचा।
सुबह पत्नी उठी तो बाहर दिखी लाश
मंगलवार की अलसुबह करीब 4.30 बजे पत्नी की नींद खुली तो पति को घर पर न देख वह बाहर निकली। इसी बीच उसकी नजर घर के बाहर बने चबूतरे पर पड़ी। वहां पति सोया दिखाई दिया। फिर उसने पास जाकर उसे आवाज दी और हिलाया-डुलाया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। उसकी मौत हो चुकी थी।
संदेहियों से पूछताछ कर रही है पुलिस
पति की लाश देख पत्नी जोर-जोर से रोने लगी। आवाज सुनकर आस-पास के लोग वहां जुट गए। उन्होंने देखा कि सुरेश के सिर-पैर व कमर पर चोट के निशान हैं। इस मामले में उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। इधर सूचना पर पहुंची प्रतापपुर पुलिस ने पीएम पश्चात शव परिजन को सौंप दिया। पुलिस संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
Click & Read More Chhattisgarh News.
Published on:
19 Sep 2019, 3:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.