13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जनघोषणा पत्र के लिए सुझाव मांगने लोगों के बीच पहुंचे नेता प्रतिपक्ष, कहा- हमारी सरकार बनी तो करेंगे ये

नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने सूरजपुर जिले के बस स्टैंड, हाट बाजार, अस्पताल सहित अन्य स्थानों पर लोगों से मांगे सुझाव

3 min read
Google source verification
TS singhdeo among the people

TS Singhdeo between the people

सूरजपुर. प्रदेश के लोगों के मंशानुरूप कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को तैयार करने के लिए बनी रणनीति के तहत मंगलवार को अम्बिकापुर के विधायक व नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने लोगों से रू-ब-रू होकर रायशुमारी की। उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। वहीं पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को जमकर कोसा।


मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने बस स्टैण्ड, हाट बाजार, फल व्यवसायी, टैक्सी, ऑटो चालक, अस्पताल के नर्स, चिकित्सक, कन्या विद्यालय की छात्राओं समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कर्मचारी, अधिकारी, व्यापारी, ठेकेदार, अधिवक्ता आदि से अलग-अलग मुलाकात कर जन घोषणा पत्र में शामिल किए जाने वाले विषयों के बारे में जानकारी ली।

साथ ही उनकी व्यक्तिगत समस्याएं भी जानने की कोशिश करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो उन समस्याओं का हरसंभव निराकरण का प्रयास किया जाएगा।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष के समक्ष जहां चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार किए जाने की बात सामने आई तो वहीं कन्या महाविद्यालय की मांग भी लोगों ने रखी। व्यवसायियों ने इस बात की ओर ध्यान दिलाया कि जब औद्योगिक परिसर में उन्हें व्यवसाय के लिए जमीन आबंटित की जाती है तो इसके बाद भी विभिन्न समस्याओं से उन्हें जूझना पड़ता है और अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर काटनेे पडते हैं।

इस ओर ध्यान देने की जरूरत बताई गई। इस मुलाकात के दौरान नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव के साथ विधायक खेलसाय सिंह, पारसनाथ राजवाड़े, पूर्व विधायक बीपी सिंह सहित स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता व तमाम पदाधिकारी शामिल थे।


सिंहदेव बोले- सरकार के कथनी व करनी में अंतर
सेवाकुंज में पत्रकारों से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव ने कहा कि सरकार के कथनी और करनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले 15 वर्षों में लोगों की बुनियादी जरूरतों को नहीं समझ पाई है। जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार सहित अन्य मुद्दे मुंह बाए खड़े हैं और वे जहां भी जा रहे हैं यही सब मसले सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में हजारों पद केवल चिकित्सकों के ही खाली पड़े हुए हैं। लेकिन 90 हजार करोड़ बजट वाली सरकार यह तक समझ नहीं पाई कि आखिर चिकित्सक कार्य क्यों नहीं करना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि उनके अनुसार मात्र वेतन देने से ही चिकित्सक नहीं आएंगे बल्कि उनके रहने, कार्य करने के लिए उपकरणों सहित अन्य व्यवस्थाएं भी करनी होंगी।

लेकिन दूरदर्शिता के अभाव में सरकार इस क्षेत्र को निजीकरण करने पर आमदा है। वहीं शिक्षा क्षेत्र में भी कई तरह की विषमताएं हैं जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है।

रोजगार के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार के गलत नीतियों के कारण धान जिस मिल में जाता है अगर वहां ही ध्यान दिया जाए तो हजारों लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। हमारी सरकार आने पर इस दिशा में ठोस कदम उठाया जाएगा। किसानों की समस्याओं पर कहा कि सरकार बनते ही किसानों का पूरा कर्ज व बिजली बिल आधा माफ करने का कार्य किया जाएगा।


नमदगिरी में लगी चौपाल
नगर के बाद नेता प्रतिपक्ष की चौपाल समीपस्थ ग्राम नमदगिरी में लगी जहां आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुॅचे किसानों से उन्होंने खुलकर चर्चा की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने इस बात पर फोकस किया कि उन्हें उत्पादन का लागत मिल पाता है या नहीं। इस पर किसानों ने अपनी बात रखी और बताया कि आज की स्थिति में किसी भी फसल पर उन्हें लागत नहीं मिल पाती है।

किसानों की मांग पर नेता प्रतिपक्ष ने न्यूनतम लागत मूल्य दिलाए जाने का आश्वासन दिया गया है। इस दौरान किसानों की मांग पर मक्का प्रोसेसिंग मिल की आवश्यकता भी जिले में बताई गई। इससे रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा किसानों को भी इससे उनकी उपज का पूरा लाभ मिल सकेगा।


जिलाध्यक्ष रहे नदारद
इस समूचे कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विन्ध्येश्वर शरण सिंहदेव का कहीं अता-पता नहीं था, जो कांग्रेसियों के साथ-साथ आमजनों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

बड़ी खबरें

View All

सुरजपुर

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग