
Surajpur news, महिला को गोद में लेकर नदी पार कराता परिजन (Photo- Patrika)
बिहारपुर। सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम रसौकी में बरगा नदी पर पुल (No bridge on river) नहीं होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी एक बार फिर सामने आई है। गंभीर रूप से बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को उसे गोद (Woman across river in lap) में उठाकर नदी पार करानी पड़ी। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल महिला के परिजनों ने एंबुलेंस को फोन कर बुलाया था, लेकिन नदी पर पुल नहीं बने होने की वजह से चालक ने वाहन नदी के दूसरी ओर खड़ी कर दी थी। जब परिजन ने महिला को गोद में उठाकर नदी पार किया, इसके बाद उसे लेकर वे अस्पताल पहुंचे।
बताया जा रहा है कि महिला की तबियत बिगडऩे के बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों ने पहले नदी तक पहुंचाया। बरगा नदी में पानी होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को गोद में उठाकर नदी पार कराया और दूसरी ओर खड़ी एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल (Surajpur hospital) ले जाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार चांदनी बिहारपुर से उमझर होते हुए रसौकी और आगे कोरिया जिले को जोडऩे वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग है। उमझर के आगे सडक़ कच्ची और खराब है। वहीं बरगा नदी पर पुल नहीं होने से बारिश के दिनों में नदी उफान पर आ जाती है और आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है।
ग्रामीणों ने बरगा नदी पर पुल निर्माण (Bridge Construction) और उमझर के आगे पक्की सडक़ बनाने की मांग की है, ताकि बरसात में क्षेत्र का संपर्क न टूटे और जरूरत के समय एंबुलेंस सहित अन्य वाहन गांव तक पहुंच सकें।
बारिश के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के साथ बीमारी और आपात स्थिति में भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है। एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाने के कारण मरीजों को कई बार कंधे, गोद या अन्य साधनों के सहारे नदी और खराब सडक़ पार कर मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता है।
बता दें कि बारिश के दिनों में सरगुजा संभाग से आए दिन ऐसी तस्वीर सामने आती रहती है, जिसमें सडक़ या पुल नहीं होने की वजह से लोग परेशान होते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब कोई बीमार पड़ता है या गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाना होता है।
Updated on:
29 Sept 2026 07:51 pm
Published on:
29 Sept 2026 07:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
