
सूरत. सिटीलाइट में महाराजा अग्रसेन भवन का पंचवटी हॉल में बुधवार को मानो कइयों का बचपन लौट आया। यहां अग्रसेन महिला शाखा की ओर से खेल-खिलैया...आओ लौटें अपने बचपन की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शाखा अध्यक्ष दीपा केडिया ने बताया कि भवन के पंचवटी हॉल को बचपन की यादों के तौर पर शृंगारित कर अनूठे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुरुआत में महाराजा अग्रसेन का माल्यार्पण कर खेल ध्वजा फहराई गई। बाद में महोत्सव में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की प्रतियोगी महिलाओं, युवतियों और बच्चियों ने ध्वज तथा मशाल हाथ में लेकर मार्च पास्ट में भाग लिया।
शाखा की मीडिया प्रभारी सरोज अग्रवाल ने बताया कि मेंटर मीनाक्षी भटनागर की उपस्थिति में महोत्सव में फुटबॉल, बास्केटबॉल, स्लो साइक्लिंग, रियल फ्लाइंग, हर्डल रेस, लेमन स्पून, रेडी फॉर द शो के अलावा सितोलिया, जलेबी रेस जैसी रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें करीब डेढ़ सौ प्रतियोगियों ने अपनी-अपनी टीम की ड्रेस में भाग लिया।
दो राउंड में आयोजित स्पर्धा के विजेता प्रतियोगियों को निर्णायक के तौर पर आमंत्रित युवा शाखा के सभी पदाधिकारियों ने मेडल और ट्रॉफी दी। इस अवसर पर शाखा की पूर्व अध्यक्ष कविता अग्रवाल, संयोजक विनोद अग्रवाल, शाखा सचिव अरुणा सर्राफ समेत अन्य कई लोग मौजूद थे।
33 जोड़े शादी के बंधन से जुड़े
बारडोली. तापी जिले के निझर और महाराष्ट्र के प्रकाशा क्षेत्र के लेउवा पाटीदार गुर्जर समाज का द्वितीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन दक्षिण के काशी कहे जाने वाले प्रकाशा के अन्नपूर्णा माता मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया। सम्मेलन का आयोजन लेउवा पाटीदार गुर्जर ग्लोबल मण्डल के द्वारा किया गया। जिसमे 33 नवयुगल शादी के बंधन मे बंधे।
पिछले साल लेउवा पाटीदार गुर्जर ग्लोबल मण्डल द्वारा समूह विवाह की शुरुआत की गई थी। जिसमें 9 युगलों ने हिस्सा लिया था। जबकि इस साल दो भाग में समूह विवाह का आयोजन किया गया। पहला सम्मेलन फरवरी में हुआ और इसमें 23 नवयुगल और मंगलवार को प्रकाशा मे आयोजित सम्मेलन में 33 मिलाकर कुल 56 नवयुगल शादी के बंधन मे बंधे।
इस अवसर पर सूरत के उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता लवजी बादशाह भी उपस्थित रहे। उन्होंने समाज को इस पवित्र कार्य के लिए 11 लाख रुपए दान देने की घोषणा की। सम्मेलन इको फ्रेंडली थीम पर था। जिसमें भोजन के दौरान सुपारी के पत्ते से बनी डिश और पेपर से बने ग्लास का उपयोग किया गया। शादी की निमंत्रण पत्रिका मे भी स्वच्छता अभियान, पानी बचाओ जैसे वाक्य से जागृति लाने का प्रयास किया गया। सम्मेलन का संचालन डॉ. लतेश चौधरी और डॉ. प्रशांत पटेल ने किया।

Published on:
02 May 2018 11:15 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
