
सूरत. पीएनबी घोटाले में नीरव मोदी का नाम सामने आने के बाद केंद्र सरकार बुरी तरह घिरी हुई है। इसी बीच कांग्रेस ने अपने अफीशियल ट्विटर अकाउंट पर इस मामले को लेकर एक पोल कराया। यह पोल कांग्रेस को उस वक्त भारी पड़ गया जब परिणाम में 67 फीसदी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में पोल किया।
पीएनबी घोटाला सामने आने के बाद से मामले में बैंक प्रबंधन और आरोपी नीरव मोदी के देश छोड़कर फरार होने पर केंद्र सरकार की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस मामले को लेकर कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक पोल ऑर्गेनाइज किया। इसमें लोगों से पूछा गया कि क्या मोदी सरकार पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी।
इस पोल में 53765 लोगों ने अपना मत दिया। लोगों की रायशुमारी के नतीजे कांग्रेस के लिए ही चौंकाने वाले रहे। 67 फीसदी लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है। उनका मानना है कि मोदी सरकार नीरव के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जबकि 33 फीसदी लोग इससे इत्तफाक नहीं रखते। इन नतीजों के बाद कई रोचक कमेंट्स भी लोगों ने किए हैं।
नीरव मोदी की सूरत यूनिट पर ईडी की जांच पूरी
पंजाब नेशनल बैंक की मुंबई शाखा के जरिए 11,400 करोड़ रुपए का घोटाला करने वाले अभियुक्त नीरव मोदी की सूरत एसईजेड में स्थित दो यूनिट और बेल्जियम स्क्वायर स्थित ऑफिस पर जांच पूरी हो गई। ईडी के 15 अधिकारियों की टीम ने लगातार 36 घंटे जांच कर 1300 करोड़ रुपए मूल्य के डायमंड, ज्वैलरी और स्टोन सील किए हैं। पंजाब नेशनल बैंक की मुंबई शाखा में एलओयू के जरिए उद्यमी नीरव मोदी पर 11,400 करोड़ रुपए का घोटाला करने का आरोप लगा है। सीबीआई ने नीरव मोदी समेत और मेहुल चौकसी समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला दर्ज होने के बाद ईडी ने देश के विभिन्न शहरों में नीरव मोदी के ठिकानों पर छापे मारे हैं। इनमें सूरत एसईजेड में स्थित नीरव मोदी की दो यूनिट और दिल्ली गेट बेल्जियम स्क्वायर में स्थित उसके ऑफिस पर ईडी के अधिकारियों ने छापा मारकर जांच शुरू की थी। ईडी के 15 अधिकारियों ने लगातार 36 घंटे की जांच कर दोनों यूनिटों से करीब 1300 करोड़ रुपए के डायमंड, ज्वैलरी और स्टोन सील किए हैं। वहीं, बेल्जियम स्क्वायर की ऑफिस से बड़ी संख्या में दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
Published on:
18 Feb 2018 01:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
