यहां बनी जरी मुस्लिम देशों में निर्यात की जाती थी, लेकिन समय के साथ धातुओं की बढ़ती कीमत और बदलते फैशन के कारण जरी उद्योग धीरे-धीरे समाप्त होता गया। असली जरी बनाने के लिए सोना, चांदी, तांबा सहित अन्य कई धातुओं का उपयोग होता है। पहले के समय में धातुओं की कीमत कम होने के कारण उद्यमी जरी बनाकर सरलता से बेच पाते थे, लेकिन जैसे-जैसे धातुओं की कीमत बढ़ी, वैसे-वैसे लोगों को जरी महंगी लगने लगी। लोग जरी के स्थान पर दूसरे कपड़ों को पसंद करने लगे। कुछ वर्षों पहले जरी के स्थान पर एम्ब्रोयडरी का चलन बढ़ गया। इससे जरी उद्योग को बड़ा झटका लगा है। सूरत में बनी जरी दक्षिण भारत में हैदराबाद, चेन्नई, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और दिल्ली, बनारस आदि स्थानों पर बिकती है, लेकिन इन दिनों जरी उद्यमी मुसीबत के दौर से गुजर रहे हैं। अन्य राज्यों में जरी की मांग घटने के कारण उन्हें पर्याप्त कीमत भी नहीं मिल पा रही।
जरी उद्योग के संगठन से जुड़े शांतिलाल जरीवाला ने बताया कि जरी उद्योग एक जमाने में सूरत की पहचान थी, लेकिन बदलते फैशन और धातुओं की बढ़ती कीमत के कारण जरी उद्योग अब सीमित हो गया है। जरी उद्यमी इन दिनों विपरीत परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।