19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होरिया में उड़े रे गुलाल…

गली-नुक्कड़ों पर चंग-धमाल की धूम, लड्डुगोपाल संग होली

2 min read
Google source verification

सूरत

image

Vineet Sharma

Feb 18, 2018

patrika

सूरत. होली का रंग सूरत में जमने लगा है। होरिया में उड़े रे गुलाल...आदि राजस्थानी लोकगीतों की गूंज अब गली-नुक्कड़ों पर चंग टोली के बीच से होने लगी है। वहीं, महिला संगठनों ने भी सोसायटी-अपार्टमेंट में लड्डुगोपाल संग होली के आयोजनों की शुरुआत कर दी है।

परवत पाटिया की वृंदावन सोसायटी में रोज रात दस बजे होली के रसिये जमा होने लगते हैं और धीरे-धीरे चंग-मजीरों पर उठने वाले लोकगीतों के सुर तेज होते जाते हैं। यहां रोज रात को देर तक रसियों की टोली होली के लोकगीतों का आनंद ले रही है। उधर, उधना में आशानगर-एक में राजस्थानी युवक बड़ी संख्या में एकत्र होकर होली के परंपरागत गीत, फाग व धमाल की प्रस्तुति देते हैं।

इनके अलावा सारोली, कुंभारिया, गोडादरा आदि क्षेत्र में भी रात को चंग-धमाल सुनाई देने लगी है। वहीं, शनिवार दोपहर भटार रोड पर आशीर्वाद पैलेस में महिलाओं ने लड्डुगोपाल के संग फूलों से होली का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुति दी।

आज रोपेंगे होली का डांडा

राजस्थान कला मंडल की ओर से आयोजित होने वाले चार दिवसीय फागोत्सव कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत रविवार सुबह 11 बजे डांडारोपण के साथ की जाएगी। आयोजन स्थल सारोली में कुबेरजी वेलेंटाइन परिसर में डांडारोपण के दौरान आयोजक मंच के सभी सदस्य व होली के रसिये शामिल रहेंगे। चार दिवसीय फागोत्सव 26 फरवरी से एक मार्च तक चलेगा।

निकलेगी प्रभातफेरी

परवत पाटिया-गोडादरा माहेश्वरी सभा की ओर से होली के उपलक्ष में तीसरी बार प्रभातफेरी का आयोजन 2 मार्च को किया जाएगा। धूलेटी पर प्रभातफेरी सुबह सात बजे परवत पाटिया के डुंभाल हनुमानमंदिर से निकाली जाएगी। इस दौरान सैकड़ों लोग मौजूद रहेंगे। मार्ग में जगह-जगह प्रभातफेरी का स्वागत किया जाएगा और फूल व गुलाल से होली खेली जाएगी।

उधना में गूंजेगी हरिधुन

होली के उपलक्ष में श्री रामायण प्रचार मंडल, उधना की ओर से भी प्रभातफेरी का आयोजन धूलेटी दो मार्च को किया जाएगा। प्रभातफेरी के दौरान राधाकृष्ण संग फूलों से होली खेली जाएगी। इसकी शुरुआत सुबह साढ़े छह बजे भराडिय़ा हाउस, ए4, आशानगर से होगी। बाद में प्रभातफेरी विभिन्न झांकियों व सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ हरिनगर, अमृतनगर, रणछोडऩगर तक जाएगी।