4 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जब तक विधायक, वेतन ‘गणपति’ को अर्पित

सूरत पश्चिम विधायक पूर्णेश मोदी ने किया एलान, गणेश उत्सव समिति को दिया चेक
2 min read
Google source verification

सूरत

image

Vineet Sharma

Aug 11, 2018

patrika

जब तक विधायक, वेतन 'गणपति' को अर्पित

सूरत. सूरत पश्चिम विधायक पूर्णेश मोदी ने अगस्त से अपना पूरा वेतन गणेश उत्सव समिति को देने का ऐलान किया। वेतन के 59205 रुपए का चेक उन्होंने भारत सेवाश्रम संघ के अंबरीशानंद को सौंपा। इस मौके पर गणपति महोत्सव के लिए समिति की तैयारियों की जानकारी भी दी।

शनिवार को संवाददाताओं के समक्ष विधायक पूर्णेश मोदी ने अपना वेतन गणेश उत्सव समिति को देने का ऐलान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब तक विधायक रहेंगे, हर महीने अपने वेतन का चेक समिति को देते रहेंगे। अगस्त का 59205 रुपए का चेक उन्होंने संत अंबरीशानंद को सौंपा। शहर में गणपति महोत्सव की परंपरा की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि समय के साथ गणेश उत्सव के दौरान कई सामाजिक बुराइयां भी आयोजन का हिस्सा हो गईं, जिन्हेें समिति ने समय के साथ दूर किया। उत्सव के आयोजन के लिए समिति ने आचार संहिता तैयार की। इस आचार संहिता का पालन करने वाले मंडलों को समिति पुरस्कृत भी करती है।

मोदी ने कहा कि लोगों को पर्यावरण के अनुकूल गणपति प्रतिमाएं स्थापित करनी चाहिए। गणेश उत्सव समिति इस ओर प्रयास कर रही है। लोगों के सहयोग के बगैर यह संभव नहीं। गणपति विसर्जन के दौरान तापी नदी में पानी छोड़े जाने के सवाल पर कहा कि अभी डैम में रूल लेवल पर भी पानी नहीं है। लोगों को बड़ी प्रतिमाओं से परहेज बरतते हुए विसर्जन के लिए समुद्र किनारे या कृत्रिम तालाबों के विकल्प पर जाना चाहिए। समिति की कोशिश रहेगी कि सूर्यास्त से पहले ही विसर्जन का कार्य पूरा हो जाए।

संत अंबरीशानंद ने कहा कि विधायक से मिली राशि से एक बड़ा फंड तैयार होगा, जो समिति संचालन में काम आएगा। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव की दिशा बदल गई है। समिति आयोजन के लिए तीन माह पूर्व से तैयारियां शुरू कर देती है। इस बार भी समिति आयोजन की तैयारियों में जुटी है। मंडलों को परमिट देने के साथ ही उनसे इको फ्रेंडली गणपति प्रतिमाओं की स्थापना का आह्वान किया जाएगा। इस दिशा में अब तक हुए प्रयास के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। इस मौके पर लंका विजय हनुमान मंदिर के सीताराम महाराज, संत लक्ष्मण ज्योति, गणेश उत्सव समिति के अनिल बिस्किटवाला मौजूद रहे।

दिया मूल वेतन

गुजरात में विधायक का कुल वेतन सवा लाख रुपए से अधिक है। पूर्णेश मोदी ने अपना मूल वेतन 59205 रुपए ही समिति को दिया है। मोदी ने बताया कि इस सहयोग से समिति को सालाना करीब सात लाख रुपए की अतिरिक्त सहायता मिलेगी। इस राशि से समिति संचालन में आसानी होगी।