
नवसारी. एलसीबी ने अलग-अलग जगहों से 3.26 लाख रुपए की शराब पकड़ी है। दो लोगों को गिरफ्तार और पांच लोगों को वांछित दिखाया है।
एलसीबी के अनुसार पहली कार्रवाई में भिनार तीन रास्ते से दो कार से पुलिस ने शराब की 1128 बोतलें जब्त की। जिसकी कीमत 2.52 लाख बताई गई है। शुक्रवार रात पेट्रोलिंग के दौरान वांसी बोरसी से भिनार मार्ग से शराब भरकर दो कार के जाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने वहां निगरानी बढ़ा दी थी। दोनों कार वहां पहुंची तो एलसीबी ने रुकने का संकेत किया। पुलिस देखकर दोनों कार चालक अंधेरे में कार खडी कर फरार हो गए। दोनों कार चालकों को पुुलिस ने वांछित दिखाया है। एलसीबी की शिकायत पर जलालपोर पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
दूसरी कार्रवाई में एलसीबी ने हाईवे पर बोरियाच टोलनाके पर कार से शराब की 1464 बोतलें शराब जब्त की। इसकी कीमत 74 हजार चार सौ रुपए बताई गई है। इस दौरान कार चालक राजकुमार रामायन यादव निवासी कडोदरा, सूरत तथा अभय उर्फ सोनू उमाशंकर चौधरी निवासी पलसाणा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने बताया कि दमण से शराब लेकर सूरत जा रहे थे। पूछताछ में रवि श्रीवास्तव व रोहित श्रीवास्तव निवासी राधे कृष्णा अपार्टमेन्ट कडोदरा सूरत व मधु सतीष निवासी वरेली पाटिया सूरत का नाम सामने आया है। इनके खिलाफ भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
तापमान गिरने से गर्मी से राहत
नवसारी. जिले में गत पांच दिनों में तीन डिग्री से अधिक गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है।
शहर का शनिवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री रहा। तेज हवाओं के कारण वातावरण में भी नमी रहने से मौसम खुशनुमा लगा। न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री घटकर 15.5 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह में हवा में 88 प्रतिशत नमी पाई गई जो दोपहर में घटकर 22 प्रतिशत रह गई। इस दौरान कुछ उमस का भी एहसास भी हुआ। उत्तर पूर्व दिशा से 6.9 किमी की दर से हवाएं चली जिससे गर्मी से लोगों को राहत मिली।
Published on:
03 Mar 2018 08:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
