
पोस्ट आफिस की तिजोरी उठा ले गए चोर
वापी. पारडी में शुक्रवार रात चोर पोस्ट आफिस की तिजोरी ही उठा ले गए। आशंका जताई गई है कि तिजोरी को तोड़ न पाने के कारण चोरों ने ऐसा किया।
जानकारी के अनुसार पारडी शहर स्थित पोस्ट आफिस को बंद कर कर्मचारी शुक्रवार शाम को चले गए थे। शनिवार सुबह पहुंचने पर पोस्ट आफिस के शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा था और तिजोरी गायब थी। बताया गया है कि लोहे की भारी भरकम तिजोरी दीवार में फिट की गई थी। उसके बाद भी चोर उसे उठा ले गए। उनकी संख्या चार से पांच बताई जा रही है। तिजोरी में करीब दो लाख रुपए होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके अलावा कई जरुरी कागजात भी उसमें थे।
घटना की जानकारी पाकर पारडी पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पोस्ट आफिस में कोई सीसी कैमरा नहीं लगा था। जिससे इस वारदात में कितने लोग शामिल हैं इस बारे में कुछ पता नहीं चला है। पारडी पुलिस इस मार्ग पर अन्य इमारतों या आफिसों के बाहर लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है। बताया गया कि कुछ रोज पहले वापी जीआईडीसी पोस्ट आफिस से भी चोर लोहे की भारी तिजोरी को चुरा ले गए थे।
एनआरआई महिला की ट्रेन छूटी
बोरीवली से बड़ौदा तक पश्चिम एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एनआरआई महिला की ट्रेन दहाणु में छूट गई और उसका बैग ट्रेन में ही रह गया। उसमें नगदी समेत 1.20 लाख रुपए का सामान था। बताया गया है कि डीना बेन शशिकांत मारडिया न्यू जर्सी अमेरिका में रहती है। शनिवार को वह पश्चिम एक्सप्रेस के कोच नंबर ए-1 में अपने मूल गांव राजकोट के उपलेटा जाने के लिए बोरीवली से चढ़ी थी। दहाणु स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो वह खाने का कुछ सामान लेने के लिए नीचे उतर गई। सामान लेने के दौरान ही ट्रेन स्टेशन से रवाना हो गई। घबराई डीना बेन ने स्टेशन मास्टर से तुरंत संपर्क किया और बताया कि कोच में ही उसका बैग छूट गया है, जिसमें 28 हजार रुपए नगद, सोने की चेन, मंगलसूत्र, पासपोर्ट व अन्य कीमती सामान है। स्टेशन मास्टर ने वापी आरपीएफ पीएसआई हरेश कुमार चौहाण को इसकी सूचना दी। इसके बाद पीएसाई चौहाण तथा हेड कांस्टेबल यतिन पटेल ने गाड़ी को अटैंड किया और बैग बरामद कर थाने लाया गया। इसकी सूचना महिला को देने पर वह कुछ देर बाद अपने भाई शैलेश के साथ वापी आई और आरपीएफ पीआई विनोद यादव की उपस्थिति में जरुरी कार्यवाही के पश्चात बैग उसके सुपुर्द किया गया। रुपए और सामान सुरक्षित पाकर महिला ने आरपीएफ के प्रति आभार जताया।

Published on:
20 Oct 2018 08:05 pm

बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
