मुम्बई में सोमवार को तेज बारिश के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में जल भराव की समस्या रही। नालासोपारा और विरार स्टेशन के बीच अप लाइन पर सुबह बारिश का पानी जमा हो जाने के कारण ट्रेनों का परिचालन कुछ देर के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। नालासोपारा में देर रात ढाई बजे से ही तेज बारिश हो रही थी। सुबह ९.१० बजे विरार-नालासोपारा सेक्शन में अप लाइन पर रेलवे किमी नं. ५५/१४-१५ के बीच 200 एमएम तथा डाउन लाइन पर रेलवे किमी नं. ५६/६-१४ के बीच 125 एमएम पानी दर्ज किया गया। पौने बारह बजे पानी का लेवल कम होने लगा। अप लाइन पर सबसे पहले १२९२२ फ्लाइंग रानी एक्सप्रेस को १२.२४ बजे रवाना किया गया। ट्रैक पर पानी भरने के कारण १२९१० हजरत निजामुद्दीन-बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को विरार स्टेशन, १४७०७ बीकानेर-बान्द्रा टर्मिनस रणकपुर एक्सप्रेस को वैतरणा, १२९५४ हजरत निजामुद्दीन-मुम्बई सेंट्रल अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस को भी वैतरणा, २२४५२ चंडीगढ़-बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को सफाले, १२९२२ सूरत-मुम्बई सेंट्रल फ्लाइंग रानी एक्सप्रेस को बोईसर, १९०३८ गोरखपुर-बान्द्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस को घोलवाड, १२४८४ अमृतसर-कोचुवेली एक्सप्रेस को उमरगाम रोड, २२९५६ भुज-बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को भिलाड, १२२२८ इंदौर-मुम्बई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस तथा १२४७९ जोधपुर-बान्द्रा टर्मिनस सूर्यनगरी एक्सप्रेस को उदवाडा स्टेशन पर रोका गया। बारिश का पानी कम होने के बाद ट्रेनों को कम स्पीड निर्धारित कर चलाया गया। रेल अधिकारियों ने बताया कि नालासोपारा और विरार सेक्शन में डाउन लाइन पर दोपहर २.१३ बजे और विरार-नालासोपारा सेक्शन में अप लाइन पर शाम ४ बजे से रेल परिचालन बहाल कर दिया गया।