
सूरत
गुजरात सहित देश के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से नकदी की कमी होने से जनता को एक बार फिर से नोटबंदी के दिन याद आ गए। पिछले तीन-चार दिन से समस्या और भी विकट हो गई। अधिकांश शहरों में करीब ८० प्रतिशत एटीएम खाली पड़े हैं। उन पर नो कैश या बंद के बोर्ड लटक चुके हैं। गुजरात के शहरों खासकर सूरत, वापी, वलसाड, नवसारी, अहमदाबाद एवं संघ प्रदेश के सिलवासा, दमण में नकदी का संकट सबसे ज्यादा है। राजस्थान पत्रिका ने सूरत शहर और दक्षिण गुजरात के कुछ शहरों में एटीएम की पड़ताल करने के साथ ही आम जनता से भी राय जानी तो अधिकांश ने यही कहा कि नकदी की समस्या पिछले कई दिनों से चल रही है। एटीएम भी खाली पड़े हैं। एटीएम के चक्कर लगाने के बाद भी कैश नहीं मिलने पर बैंकों में लाइन में लगना पड़ रहा है। हालांकि राजस्थान पत्रिका ने वापी में नकदी की समस्या को १४ अपे्रल के अंक में ही उजागर कर दिया था। मंगलवार को राजस्थान पत्रिका ने सूरत शहर और दक्षिण गुजरात के शहरों में नकदी की कमी की बारीकी से पड़ताल कर हकीकत को जाना।
उधना क्षेत्र के अधिकतर एटीएम खाली
एटीएम में नो कैश के हालात के बीच राजस्थान पत्रिका ने उधना क्षेत्र के आठ एटीएम की पड़ताल की। उधना तीन रास्ता के पास एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर जांच की तो यहां एटीएम में नकदी थी। यहां चार-पांच लोग कतार में खड़े थे। पास के ही एक्सिस बैंक के एटीएम में नकदी नहीं थी। लोग रुपए निकालने आ रहे थे, लेकिन उन्हें निराश लौटना पड़ रहा था। बैंक ऑफ बड़ौदा की उधना शाखा पर लगे पांच एटीएम से सिर्फ एक ही एटीएम से नकदी निकल रही थी, जबकि चार एटीएम बंद पड़े थे। उधना रोड नंबर आठ पर एक्सिस बैंक का एटीएम भी बंद पड़ा था। उधना स्टेशन पर बैंक ऑफ बड़ौदा के दो और एचडीएफसी बैंक के एटीएम में जांच की तो बैंक ऑफ बड़ौदा के दोनों एटीएम पर बंद होने के बोर्ड लगे थे, जबकि एचडीएफसी बैंक के एटीएम में नकदी थी।
कहीं कतार, कहीं खाली
कपड़ा बाजार के अधिकांश एटीएम सेंटर पर सामान्य आवाजाही देखने को मिली। हालांकि एटीएम से नकदी के लिए लोगों की भीड़ कुछ ही जगह दिखी। ज्यादातर सेंटर खाली दिखे। रिंगरोड पर ट्रेड हाउस मार्केट के बाहर एक एटीएम पर जहां लोगों की कतार थी, वहीं दूसरे एटीएम में नकदी नहीं थी। परवत पाटिया में भी डीजी पॉइंट के एक एटीएम के बाहर नकदी लेने लोग खड़े थे तो दूसरा खाली था।
Published on:
18 Apr 2018, 1:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.